मोहाली के डेराबस्सी में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद सरकारी अस्पताल के बाहर मारपीट हो गई। मंगलवार देर रात गांव बल्लोपुर में हुए विवाद में घायल एक युवक को परिजन इलाज के लिए डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
आरोप है कि यहां 10 से 12 लोगों ने अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर उसके चाचा पर भी हमला कर दिया। इस घटना में चाचा-भतीजा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिवार को अस्पताल के बाहर भी झेलनी पड़ी मारपीट गांव में हुए झगड़े के बाद परिवार को उम्मीद थी कि अस्पताल पहुंचकर घायल का इलाज कराया जा सकेगा, लेकिन आरोप है कि यहां भी हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा। अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर हुई मारपीट ने मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पास में पुलिस थाना, फिर भी अस्पताल के बाहर मारपीट घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर डेराबस्सी पुलिस थाना स्थित है। इसके बावजूद सरकारी अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर मारपीट की घटना सामने आने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान, झगड़े की वजह और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस का पक्ष आना बाकी है।