मोहाली के गांव छत में घरेलू हिंसा के आरोपों के बीच 3 बच्चों की मां की मौत हो गई। मृतका की पहचान 29 वर्षीय रूपवती के रूप में हुई है। आरोप है कि पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला के पिता जुगल किशोर की शिकायत पर जीरकपुर पुलिस ने पति विजय प्रकाश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और क्रूरता के आरोप में बीएनएस की धारा 108 और 85 के तहत केस दर्ज किया है।
जुगल किशोर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 13 साल पहले उन्होंने बेटी रूपवती की शादी गांव छत निवासी विजय प्रकाश से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था। कई बार उसे घर से भी निकाल देता था, जिसके चलते वह मायके आ जाती थी।
स्कूल के बाहर पति ने की मारपीट पिता के मुताबिक, 25 नवंबर को रूपवती अपनी छोटी बच्ची को लेने गांव के मॉडल स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उसे बच्ची से मिलने नहीं दिया। इसी दौरान वहां पहुंचे पति ने स्कूल के बाहर उसके साथ मारपीट की। रूपवती ने फोन कर पिता को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर जुगल किशोर गांव छत पहुंचे तो बेटी की हालत गंभीर थी। परिजन उसे एंबुलेंस से अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटी की मौत के सदमे में था पिता पुलिस को 25 नवंबर को अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली थी। बेटी की मौत से सदमे में होने के कारण पिता उस दिन पुलिस को बयान नहीं दे सके। इसके बाद वीरवार को थाने पहुंचकर उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पति और स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।