राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाने वाली गैंग का खुलासा किया है। फर्जी डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। 11वीं पास युवक ने करीब 19.50 लाख में डिग्री खरीदकर डॉक्टर बना था।
गिरोह के सदस्य लाखों रुपए में MBBS, MD (गायनेकोलॉजी) और DMRD जैसी मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध करवाते थे। साथ ही फर्जी डिग्रियों को संबंधित विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाकर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी कराया जाता था।
एडीजी SOG विशाल बंसल ने बताया- फर्जी डॉक्टर राम किशोर महावर करौली का रहने वाला है, वह सिर्फ 11वीं पास है। फर्जी डिग्री के आधार पर वह दिल्ली के बड़े हॉस्पिटलों में जूनियर रेजिडेंट और डॉक्टर के रूप में काम करता था। अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी भी करता था।
एडीजी ने बताया- राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने 6 अक्टूबर 2024 को अशोक नगर थाने में 8 लोगों के खिलाफ गलत तरीके से रजिस्ट्रेशन कराने का मामला दर्ज करवाया। इनमें रामकिशोर महावर का नाम भी था। SOG ने रामकिशोर महावर को दिल्ली से गिरफ्तार किया। रामकिशोर से पूछताछ के बाद सत्यजीत पाणिग्रही निवासी दिगदा पश्चिम मेदिनीपुर पश्चिम बंगाल, मनीष मांजी निवासी किला गेट ग्वालियर मध्य प्रदेश और खुर्रम तौफीक निवासी भादो आजमगढ़ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
11वीं पास युवक बना फर्जी डॉक्टर, दिल्ली के अस्पतालों में किया काम
SOG की जांच में सामने आया कि फर्जी डॉक्टर रामकिशोर महावर केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ा है। साल 2016 से 2022 तक दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम करता था। इसके बाद बालोतरा और बयाना के निजी हॉस्पिटलों में डॉक्टर्स के सहायक के रूप में काम करने लगा। यहां वह अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट टाइप करने और सोनोग्राफी से जुड़े काम करता था।
इसी दौरान रामकिशोर ने एक व्यक्ति के जरिए मोबाइल पर रामा मेडिकल कॉलेज (उत्तर प्रदेश) की MBBS डिग्री की PDF हासिल की। इसमें बदलाव कर अपनी फर्जी डिग्री तैयार कर ली। इसके आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवा लिया। इस फर्जी रजिस्ट्रेशन के आधार पर दौसा जिले के खेड़ला स्थित एक निजी हॉस्पिटल में करीब 15 दिन तक डॉक्टर के रूप में काम भी किया।
अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में नर्सिंग असिस्टेंट/वार्ड बॉय के रूप में काम किया। इसी दौरान फेसबुक पर बैकडेट में डिग्रियां दिलवाने का विज्ञापन देखकर गिरोह के संपर्क में आया।
साढ़े पांच लाख रुपए में खरीदी MBBS और MD की डिग्री
रामकिशोर ने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से वॉट्सएप के जरिए संपर्क किया। उसे करीब 6.5 लाख रुपए में 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की डिग्रियां उपलब्ध करवाने का ऑफर दिया। आरोपी ने करीब साढ़े पांच लाख रुपए बताए गए खाते में जमा करवाए। इसके बाद उसे DTDC कोरियर से 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी के प्रमाणपत्र भेज दिए।
इन फर्जी दस्तावेज के आधार पर आरोपी ने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन संख्या 33624 हासिल कर ली। इसके बाद जून 2025 में सफदरजंग अस्पताल (नई दिल्ली) में कॉन्ट्रैक्ट आधार पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम शुरू कर दिया।
फर्जी DMRD डिग्री से करने लगा सोनोग्राफी
आरोपी ने फेसबुक पर मेडिकल एजुकेशन (नई दिल्ली) के नाम से चल रहे विज्ञापन के जरिए एक अन्य व्यक्ति से संपर्क किया। करीब साढ़े पांच लाख रुपए में महाराष्ट्र की यूनिवर्सिटी से DMRD (डिप्लोमा इन मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस) की डिग्री दिलवाने का सौदा हुआ।
15 जुलाई को फर्जी DMRD डिग्री ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई। दिल्ली मेडिकल काउंसिल के पहले से मौजूद रजिस्ट्रेशन में इसे जुड़वा दिया गया। इसके बाद वह दिल्ली के अलग-अलग हॉस्पिटलों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने महाराष्ट्र के सरकारी मेडिकल कॉलेज मिरज के नाम से फर्जी DMRD दस्तावेज तैयार करवाए। इसके आधार पर नई दिल्ली के SMS इमेजिंग सेंटर में भी रजिस्ट्रेशन करवाया गया। इस काम के लिए करीब साढ़े आठ लाख रुपए दिए।
फेसबुक-वॉट्सएप पर चलता था फर्जी डिग्रियों का कारोबार
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह में प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई थी। कोई ग्राहकों से संपर्क करता था, कोई फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करता था तो कोई उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाता था।
गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था। फेसबुक विज्ञापनों और वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों को बैकडेट में डिग्रियां दिलवाने का भरोसा दिया जाता था।
इन चार लोगों को गिरफ्तार किया
ऐसे पकड़े गए आरोपी
अशोक नगर थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर एसओजी टीम ने रामकिशोर महावर को दिल्ली से डिटेन किया। रामकिशोर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी सत्यजीत पाणिग्रही को पश्चिम बंगाल को डिटेन किया।
सत्यजीत से पूछताछ के बाद मनीष मांजी को डिटेन किया गया। आरोपी मनीष मांजी से खुलासा हुआ कि उसने रामकिशोर महावर को महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से एमबीबीएस और एमएस की फर्जी डिग्रियां उपलब्ध करवाई थीं। आरोपी विभिन्न कॉलेजों की मार्कशीट डिग्री और डिप्लोमा तैयार कर सत्यजीत पाणिग्रही को वॉट्सएप के जरिए भेजता था।
इसके बाद आरोपी खुर्रम तौफीक को डिटेन किया। तौफीक BBA पास है। साल 2022 से फेसबुक के जरिए से विभिन्न पाठ्यक्रमों के बैक डेट की फर्जी डिग्री तैयार करवाने के बाद विभिन्न विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने का कार्य करता था।