अगले 5 साल में दुनियाभर में AI की वजह से करीब 2.4 करोड़ ऑफिस और नॉलेज-वर्कर नौकरियों पर असर पड़ सकता है। कंपनियां काम को ऑटोमेट करने और AI का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दे रही हैं। यह दावा JP मॉर्गन वेल्थ मैनेजमेंट ने एक रिपोर्ट में किया है।
रिपोर्ट का अनुमान है कि अगले 5 साल तक हर साल दुनिया के नॉलेज वर्कफोर्स का करीब 1.3% हिस्सा प्रभावित हो सकता है। कंपनियां नए लोगों को रखने के बजाय AI पर खर्च बढ़ा सकती हैं, जिसकी लागत कर्मचारियों के मुकाबले लगभग आधी पड़ सकती है।
छंटनी के बजाय खाली पद न भरने का अंदेशा
रिपोर्ट के मुताबिक, AI से आने वाला ज्यादातर बदलाव लोगों को निकालने के बजाय खाली पद न भरने के तौर पर दिख सकता है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर असर किसी खास काम या इलाके में ज्यादा हुआ, तो आर्थिक और राजनीतिक दबाव बढ़ सकता है।
अमेरिका में भी इसका बड़ा असर दिख सकता है। अगर प्रभावित नौकरियों का दो-तिहाई हिस्सा वहां आता है, तो 5 साल में करीब 1.6 करोड़ लोग प्रभावित होंगे, यानी हर साल औसतन करीब 30 लाख कामों पर असर पड़ेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, यह हर साल कुल वर्कफोर्स का करीब 2% होगा, जो 2000 के दशक में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में जॉब लॉस की रफ्तार से 4 गुना से ज्यादा है। यह असर ग्रेट रिसेशन के दौरान नौकरी जाने की दर के करीब पहुंच सकता है, पर 2 साल के बजाय 5 साल तक चलेगा।
पूरी नौकरी जाने के बजाय काम करने का तरीका बदलेगा
JP मॉर्गन के मुताबिक, पूरी नौकरी खत्म होने से ज्यादा संभावना काम के भीतर बदलाव आने की है। रिपोर्ट बताती है कि AI का इस्तेमाल अभी शुरुआती दौर में ही है।
आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में फिलहाल सिर्फ 6% काम के घंटे AI की मदद से हो रहे हैं, जबकि दो-तिहाई काम ऐसे हैं जो AI के दायरे में आ सकते हैं।
अलग-अलग सेक्टर में AI अपनाने की रफ्तार धीमी और असमान रहने की उम्मीद है, जिससे अचानक बड़ी संख्या में नौकरी जाने का खतरा कुछ कम रह सकता है।
हर नौकरी कई कामों से मिलकर बनती है
रिपोर्ट के मुताबिक, AI के असर को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि कोई काम किस तरह होता है। हर नौकरी कई कामों का एक ग्रुप होती है, और अब तक AI उनमें से सिर्फ एक हिस्से को ही ऑटोमेट या आसान बना सकता है।
इससे साफ है कि हर काम को पूरी तरह AI के भरोसे छोड़ना आसान नहीं है, बल्कि कई जगह तकनीक इंसान के साथ मिलकर काम करेगी।
आगे क्या: सिर्फ ट्रायल से काम नहीं चलेगा, बड़े स्तर पर इस्तेमाल जरूरी
रिपोर्ट के मुताबिक, AI में किए जा रहे खर्च से सही फायदा पाने के लिए इसका इस्तेमाल सिर्फ टेक सेक्टर तक सीमित न रखकर दूसरे क्षेत्रों में भी बढ़ाना होगा।
कंपनियों को शुरुआती ट्रायल से आगे बढ़कर काम की रफ्तार और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए AI का बड़े स्तर पर इस्तेमाल करना होगा।
आगे यह देखना अहम होगा कि कंपनियां और देश कर्मचारियों को नई स्किल्स सिखाकर और काम के तरीके बदलकर इस बदलाव को कैसे संभालते हैं।