उन्नाव में सड़क हादसा: दो महिलाओं की मौत:तेज रफ्तार वाहन ने 4 लोगों को टक्कर मारी, 2 की हालत गंभीर; चालक फरार

लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हंस धर्म कांटे के पास सड़क पार कर रहे चार लोगों को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।

हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में ज्योति श्रीवास्तव (50) और रानी सिंह (50) शामिल हैं। ज्योति की मौत मौके पर ही हो गई। रानी सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घायलों में रमेश (30) और कृष्णा (20) शामिल हैं। दोनों नवाबगंज अजगैन के रहने वाले हैं। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है। दोनों को जिला अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग दूर जा गिरे।

मृतका ज्योति श्रीवास्तव चौधरी ओवरसीज में काम करती थीं। वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

थानाध्यक्ष दही ने बताया कि फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है। राजमार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे वाहन और चालक की पहचान में मदद मिल सकती है।

E-Paper 2025