यूपी में ठंड का कहर जारी है। कानपुर में पिछले 24 घंटे में दो सरकारी अस्पतालों में 25 लोगों की जान हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से चली गई। इससे पहले के आंकड़ों की बात करें तो 3 दिन में 40 और 4 दिन में 65 लोगों ने हार्ट-ब्रेन स्ट्रोक से जान गंवाई है।
वहीं, प्रदेश के 9 शहरों का तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया है। गुरुवार को जालौन प्रदेश का सबसे सर्द जिला रहा। यहां तापमान 3 डिग्री दर्ज हुआ। इसके बाद कानपुर ठंडा रहा। यहां तापमान 3.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
एक दिन में आ रहे 700 से ज्यादा मरीज
कानपुर में लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदय रोग संस्थान के निदेशक डॉ. विनय कृष्णा ने बताया, “हृदय रोग से पीड़ित गुरुवार को 723 मरीज आए। इनमें 41 मरीजों को भर्ती किया गया। 15 मरीजों की अस्पताल पहुंचने से पहले हो मौत गई। वहीं, 7 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी ओर, हैलट अस्पताल में लाई गईं उन्नाव की 65 वर्षीय संध्या, कल्याणपुर की 74 वर्षीय रजोल और कन्नौज के 70 वर्षीय जाकिर की मौत ब्रेन स्ट्रोक के कारण हो गई।”
हल्की धूप निकलने से मामूली राहत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ में शीतलहर चलेगी, लेकिन गुनगुनी धूप निकलेगी। शाम को धुंध छाई रहेगी। इससे शीतलहर बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान दिन का तापमान 16°C और रात का तापमान 6°C रहने की संभावना है। देश के अधिकतर जिलों में घना कोहरा पड़ेगा और कोल्ड-डे कंडीशन जैसी स्थिति रहने का पूरा अनुमान है।
यूपी के 9 शहरों का पारा 5°C से कम
शहर | न्यूनतम तापमान |
जालौन | 3°C |
कानपुर नगर | 3.2°C |
झांसी | 3.9°C |
बिजनौर | 4°C |
फतेहपुर | 4°C |
अयोध्या | 4°C |
मुजफ्फरनगर | 4.5°C |
वाराणसी | 4.6°C |
सोनभद्र | 4.6°C |
बस्ती | 5°C |
मुरादाबाद | 5°C |
मेरठ | 5.4°C |
पश्चिमी डिस्टरबेंस से गलन बढ़ी
मौसम विभाग के विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी डिस्टरबेंस की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। गलन बढ़ चुकी है। पूर्वोत्तर की तरफ से चलने वाली हवाओं की वजह से गलन तराई क्षेत्रों में ज्यादा प्रभाव डाल रही है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 9 से लेकर 13 जनवरी तक गलन का असर तराई क्षेत्रों में और ज्यादा पड़ेगा। प्रमुख रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश ठंड की ज्यादा चपेट में आएगा।