आज से अमेरिका-लंदन-दुबई में अडाणी का रोड शो:निवेशकों का भरोसा जीतना चाहता है अडाणी ग्रुप

अडाणी ग्रुप आज से अमेरिका, लंदन और दुबई में रोड-शो करने जा रहा है। इसे ‘फिक्स्ड इनकम रोड-शो’ नाम दिया गया है। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी ज्यादा गिरावट देखने को मिली थी। इस वजह से अडाणी ग्रुप पर निवेशकों का भरोसा कम हो गया है।

अब इन रोड-शोज के जरिए अडाणी ग्रुप अपने निवेशकों का भरोसा वापस पाने की कोशिशों में जुटा है। रोड-शो के अलावा अडाणी ग्रुप निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए और भी कई तरह के प्रयास कर रहा है।

7 मार्च से 15 मार्च के बीच होंगे अडाणी ग्रुप के रोड-शोज
अडाणी ग्रुप के मैनेजमेंट के मेंबर्स और ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जुगशिंदर सिंह भी रोड-शोज में शामिल होंगे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन, दुबई और अमेरिका के कई शहरों में यह रोड-शोज 7 मार्च से 15 मार्च के बीच होंगे। ग्रुप को उम्मीद है कि इन रोड-शोज के जरिए वो निवेशकों से मिल पाएंगे और कंपनी में निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा।

सिंगापुर और हांगकांग हो चुका है रोड-शो
अडाणी ग्रुप ने सिंगापुर और हांगकांग में फिक्स्ड इनकम रोड-शो किया था, जो काफी सक्सेसफुल रहा था। इस रोड-शो के बाद निवेशकों का भरोसा काफी हद तक बहाल हुआ है। अब ये रोड-शो अन्य देशों में किया जा रहा है।

हिंडनबर्ग ने ग्रुप पर लगाया था स्टॉक मैनिपुलेशन का आरोप
24 जनवरी को अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था। हालांकि, अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग के सभी आरोपों को गलत बताया है।

अडाणी ग्रुप को NSE ने दी राहत
अडाणी ग्रुप की मुश्किलें एक-एक करके कम हो रही हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अडाणी ग्रुप कीफ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज को शॉर्ट-टर्म एडीशनल सर्विलांस फ्रेमवर्क से बाहर निकाल दिया है। एनएसई ने यह राहत 6 मार्च को दी। NSE ने पिछले महीने 6 फरवरी को स्टॉक्समें हाई वोलैटिलिटी के चलते अदाणी एंटरप्राइजेज, अंबुजा सीमेंट्स और अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन को शॉर्ट टर्म एडीशनल सर्विलांस मेजर (ASM) में डाल दिया था। आपको बता दें कि अंबुजा सीमेंट्स और अडाणी पोर्ट्स को इस फ्रेमवर्क से पहले ही निकाल दिया था।

सोमवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.45% चढ़ा
सोमवार यानी 6 मार्च को अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 8 में तेजी रही थी। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.45% चढ़कर 1,982 रुपए पर बंद हुआ। वहीं अडाणी ट्रांसमिशन, विल्मर, पावर, टोटल गैस, ग्रीन एनर्जी और NDTV के शेयरों में 5-5% की तेजी रही। अडाणी पोर्ट्स 0.49% बढ़ा। वहीं ग्रुप की सीमेंट कंपनी ACC के शेयर में 1.53% और अंबुजा में 1.80% की गिरावट देखने को मिली।