लगातार 7वीं बार बढ़ सकती है रेपो रेट:मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग आज से शुरू, RBI ब्याज दरों में 0.25% की कर सकती है बढ़ोतरी

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की आज (3 अप्रैल) यानी सोमवार से मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग शुरू हो रही है। यह मीटिंग 3,5 और 6 अप्रैल तक चलेगी। इस मीटिंग में RBI रेपो रेट यानी इंटरेस्ट रेट में 25 बेसिस पॉइंट (0.25%) की बढ़ोतरी कर सकती है। ऐसा होता है तो लगातार 7वीं बार रेपो रेट में बढ़ोतरी होगी।

RBI मई 2022 से लगातार रेपो रेट में बढ़ोतरी कर रही है। महंगाई को कम करने के लिए RBI मई के बाद से अब तक रेपो रेट में टोटल 250 बेसिस पॉइंट्स यानी 2.50% की बढ़ोतरी कर चुकी है। माना जा रहा है कि मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी मीटिंग में इस बार होने वाली रेट हाइक आखिरी होगी। गुरुवार यानी 6 अप्रैल को RBI मीटिंग में लिए गए फैसलों के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताएगी।

हाल ही में US फेडरल रिजर्व, यूरोपियन सेंट्रल बैंक और बैंक ऑफ इंग्लैंड समेत कई विकसित देशों के केंद्रीय बैंकों ने भी महंगाई को कम करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है।

जनवरी-फरवरी में महंगाई RBI के कम्फर्ट जोन से बाहर
रिटेल इन्फ्लेशन 2 महीने नवंबर और दिसंबर 2022 में RBI के कम्फर्ट जोन यानी 2-6% के बीच रही थी। इसके बाद से इन्फ्लेशन RBI के कम्फर्ट जोन से बाहर हो गई है। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) बेस्ड इन्फ्लेशन जनवरी 2023 में 6.52% और फरवरी 2023 में 6.44% रही थी। फाइनेंशियल ईयर 2023-24 में रिजर्व बैंक कुल मिलाकर MPC की 6 मीटिंग करेगी। केंद्र सरकार ने RBI को यह सुनिश्चित करने का काम सौंपा है कि रिटेल महंगाई 2% से 6% तक बनी रहे।

फरवरी में RBI ने रेपो रेट में 0.25% का इजाफा किया था
2 महीने पहले फरवरी में RBI ने रेपो रेट में 0.25% का इजाफा किया था। इससे रेपो रेट 6.25% से बढ़कर 6.50% हो गई। अब RBI एक बार फिर 0.25% की बढ़ोतरी करती है, तो रेपो रेट 6.50% से बढ़कर 6.75% हो जाएगी। साथ ही 1 अगस्‍त 2018 के बाद रेपो रेट की यह सबसे ऊंची दर हो जाएगी, तब रेपो रेट 6.50% थी।

रेपो रेट बढ़ने से होम लोन से लेकर ऑटो और पर्सनल लोन सब कुछ महंगा हो जाएगा और आपको ज्यादा EMI चुकानी होगी। हालांकि FD पर ज्यादा ब्याज दरें मिलेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के 1 फरवरी को बजट पेश करने के बाद MPC की यह दूसरी बैठक है।

पिछले वित्त वर्ष में रेपो रेट 6 बार में 2.50% बढ़ी
मॉनेटरी पॉलिसी की मीटिंग हर दो महीने में होती है। पिछले वित्त वर्ष-2022-23 की पहली मीटिंग अप्रैल-2022 में हुई थी। तब RBI ने रेपो रेट को 4% पर स्थिर रखा था, लेकिन RBI ने 2 और 3 मई को इमरजेंसी मीटिंग बुलाकर रेपो रेट को 0.40% बढ़ाकर 4.40% कर दिया था।

22 मई 2020 के बाद रेपो रेट में ये बदलाव हुआ था। इसके बाद 6 से 8 जून को हुई मीटिंग में रेपो रेट में 0.50% इजाफा किया। इससे रेपो रेट 4.40% से बढ़कर 4.90% हो गई। फिर अगस्त में इसे 0.50% बढ़ाया गया, जिससे ये 5.40% पर पहुंच गई।

सितंबर में ब्याज दरें 5.90% हो गई। फिर दिसंबर में ब्याज दरें 6.25% पर पहुंच गई। इसके बाद वित्त वर्ष 2022-23 की आखिरी मॉनेटरी पॉलिसी की मीटिंग फरवरी में हुई, जिसमें ब्याज दरें 6.25% से बढ़ाकर 6.50% कर दी गई थीं।

एक साल में करीब 2988 रुपए बढ़ी EMI
ब्याज दरों के बढ़ने के बाद मई से पहले जो होम लोन आपको 5.65% रेट ऑफ इंटरेस्ट पर मिल रहा था वो अब 8.15% पर पहुंच गया है। यानी 20 साल के लिए 20 लाख के लोन पर आपको हर महीने करीब 2,988 ज्यादा की EMI देनी होगी।

0.25% रेट बढ़ने से कितना फर्क पड़ेगा?
मान लीजिए रोहित नाम के एक व्यक्ति ने 7.90% के फिक्स्ड रेट पर 20 साल के लिए 30 लाख का लोन लिया है। उसकी EMI 24,907 रुपए है। 20 साल में उसे इस दर से 29.77 लाख रुपए का ब्याज देना होगा। यानी, उसे 30 लाख के बदले कुल 59.77 लाख रुपए चुकाने होंगे।

रोहित के लोन लेने के बाद RBI रेपो रेट में 0.25% का इजाफा कर देता है। इस कारण बैंक भी 0.25% ब्याज दर बढ़ा देते हैं। अब जब रोहित का एक दोस्त उसी बैंक में लोन लेने के लिए पहुंचता है तो बैंक उसे 7.90% की जगह 8.15% रेट ऑफ इंटरेस्ट बताता है।

रोहित का दोस्त भी 30 लाख का ही लोन 20 साल के लिए लेता है, लेकिन उसकी EMI 25,374 रुपए की बनती है। यानी रोहित की EMI से 467 रुपए ज्यादा। इस वजह से रोहित के दोस्त को 20 साल में कुल 60.90 लाख रुपए चुकाने होंगे। ये रोहित से 1.13 लाख ज्यादा है।