देश में करोड़पति इनकम टैक्स पेयर 1,579% बढ़े:50 लाख से 1 करोड़ तक की आय वाले टैक्स पेयर्स की संख्या में भी 2578% का इजाफा

आयकर विभाग ने वित्त वर्ष 2023-24 के पहले माह में सभी छह कैटेगरी के टैक्स फाइलर के डेटा जारी किए हैं। इसके मुताबिक करोड़पति टैक्स रिटर्न फाइलर की संख्या में जहां 1579% की बढ़ोतरी हुई है, वहीं 20 लाख से कम आय वाले टैक्स फाइल करने वालों की संख्या 188% बढ़ी है। 20 लाख से अधिक आय की श्रेणी में टैक्स फाइलर की संख्या में 1,627% का इजाफा हुआ है।

50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक की आय वाले टैक्स रिटर्न फाइलर की संख्या में 2,578% की वृद्धि देखने को मिली। इस साल इनकी संख्या 616 रही, जो 22-23 में महज 23 थी। साल के पहले माह में 739 करोड़पति टैक्स रिटर्न फाइल कर चुके हैं। पिछले साल इस दौरान इनकी संख्या महज 44 थी।

5 लाख रुपए तक की आय वाले टैक्स पेयर की संख्या में 85.80% की वृद्धि आई। इस साल इनकी संख्या पहले माह में 3,24,891 रही, जो पिछले साल इस अवधि में केवल 1,74,852 थी। पहले माह में कुल 3.85 लाख आयकरदाता अपने रिटर्न फाइल कर चुके हैं।

किस कैटेगरी में कितने फाइलर बढ़े

जून माह में एडवांस टैक्स की वृद्धि दर 13.70% रही
भास्कर के आयकर विशेषज्ञ CA राजेश जैन का कहना है कि आने वाले माह में यह स्पष्ट होगा कि इस बार टैक्स पेयर की कमाई में कितना इजाफा हुआ है। हालांकि, जून माह में एडवांस टैक्स की वृद्धि दर 13.70% रही। यह इस बात का प्रमाण है कि इस बार भी टैक्स पेयर को अच्छी कमाई की उम्मीद है। क्योंकि एडवांस टैक्स जारी वर्ष की संभावित आय के आकलन के आधार पर ही भरा जाता है।

18 जून 2023 तक इनकम टैक्स कलेक्शन 11.18% की दर से बढ़ा
गौरतलब है कि इनकम टैक्स कलेक्शन में पिछले वर्ष 2022-23 से जारी रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि 2023-24 में भी जारी है। 18 जून-23 तक शुद्ध इनकम टैक्स कलेक्शन 11.18% की दर से बढ़ा है। एडवांस टैक्स के संग्रह में यह बढ़ोतरी 13.70% रही। सकल आयकर संग्रह में यह वृद्धि 12.73% थी।