पंजाब में तीन दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा तापमान:प्रदूषण सुधारा; 5 दिन में 1291 जगह जली पराली, संगरूर में सबसे अधिक मामले

पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले तीन दिनों में 3 से 5 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावनाएं हैं। जबकि उसके बाद अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। वहीं, बीते दिनों हुई बारिश से प्रदूषण में गिरावट आई है, जबकि नवंबर के पहले पांच दिनों में तकरीबन 1300 पराली जलाने की घटनाएं भी दिखी हैं।

कंसोर्टियम फॉर रिसर्च ऑन एग्रो-इकोसिस्टम मॉनिटरिंग एंड मॉडलिंग फ्रॉम स्पेस के अनुसार बीते 5 दिनों में राज्य में 1291 मामले पराली जलाने के सामने आए हैं। जबकि बीते 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक डेढ़ माह में 1642 मामले सामने आए थे। 5 दिनों में पराली जलाने घटनाएं तेज हो गईं हैं। लेकिन, 5 नवंबर को मात्र 94 मामले देखने को मिले। ये गिरावट गुरु नानक देव जी प्रकाश पर्व के कारण हो सकती है।

इन आंकड़ों के अनुसार बीते 5 दिनों में सबसे अधिक पराली मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में जली। यहां 5 दिनों में 245 मामले देखने को मिले। जबकि तरनतारन में 135, फिरोजपुर में 130, बठिंडा में 109, मानसा व मोगा में 87-87, मुक्तसर में 73, पटियाला में 71, लुधियाना में 58 और अमृतसर में 57 मामले देखने को मिले हैं।

24 घंटों में 1.6 डिग्री गिरा तापमान

पंजाब में बीते 24 घंटों में सर्वाधिक तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। जबकि सर्वाधिक तापमान मानसा में 31.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर में 26.4 डिग्री, लुधियाना में 31.2 डिग्री, पटियाला में 29.5 डिग्री, बठिंडा में 30.5 डिग्री, फरीदकोट में 27.5 डिग्री, गुरदासपुर में 27 डिग्री दर्ज किया गया है।

आने वाले दिनों में अब मौसम साफ रहेगा व बारिश का अनुमान नहीं है। लेकिन अगले तीन दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

E-Paper 2025