कुरुक्षेत्र में ढांड रोड पर देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने गलत साइड में जाकर एक कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार में भीषण आग लग गई। इस एक्सीडेंट में कार चला रहे सरकारी वकील की मौत हो गई, जबकि उनकी मौसी का लड़का गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मृतक वकील की पहचान रविंद्र कुमार (30) निवासी हथीरा के रूप में हुई है। रविंद्र कुमार कैथल कोर्ट में सरकारी वकील थे। घटना शनिवार-रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। एक्सीडेंट के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। रविंद्र कुमार रात अपनी मौसी के घर बारना गांव में गया था।
ताऊ को देखने जा रहे थे अस्पताल
गुरविंदर सिंह निवासी बारना ने पुलिस को बयान दिए कि उसका ताऊ पाला राम कैंसर की बिमारी से पीड़ित है। देर रात उनकी हालत ज्यादा खराब होने की सूचना मिली थी। इसलिए वे अपने ताऊ को देखने के लिए चल पड़े। उसका छोटा भाई कमल और मौसी का लड़का रविंद्र कार में चल दिए और वो उनके पीछे बाइक पर चल दिया।
राहगीरों की मदद से निकाला बाहर
आग तेजी से कार में फैल गई। उसने तुरंत अपनी बाइक रोकी और राहगीरों की मदद से कमल और रविंद्र को कार से बाहर निकाला। डायल-112 की सहायता से दोनों को LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया। राहगीरों ने कार में लगी आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार में लगी आग
जैसे ही वे लोग ढांड रोड पर खानपुर गांव के नजदीक पहुंचे कुरुक्षेत्र की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक (HR58/D1270) ने गलत साइड पर आकर रविंद्र की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के साथ ही उनकी कार के बोनेट में आग लग गई। रविंद्र ने अस्पताल पहुंचकर तोड़ा दम
उसकी मौसी के बेटे रविंद्र ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ा दिया, जबकि उसके भाई कमल का LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी गंभीर हालत के चलते से उसे रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
रिश्ते की चल रही थी बात
रविंद्र कुमार पिछले साल मार्च में ही सरकारी वकील बने थे। रविंद्र अभी कुंवारे थे और टांग से दिव्यांग थे। उनका छोटा भाई सोमबीर चंडीगढ़ रोडवेज में कंडक्टर लगे हुए हैं। घर में उनके रिश्ते की बात चल रही थी।