ज्योति मल्होत्रा की जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई आज:जांच अधिकारी रिकॉर्ड के साथ तलब, पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जमानत याचिका आज सुनवाई होगी। जस्टिस सूर्यप्रताप सिंह की कोर्ट में सुनवाई तय की गई है। कोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी को रिकॉर्ड के साथ तलब किया है।

पिछली सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी कोर्ट नहीं पहुंचा था। वकील ने कोर्ट में कहा था कि जमानत की सुनवाई के दौरान आईओ का होना जरूरी है। इसके बाद कोर्ट ने कहा था कि अगली सुनवाई 19 फरवरी को होगी और जांच अधिकारी को सारे रिकॉर्ड के साथ पेश होना होगा। करीब आधे घंटे तक बहस हुई थी।

ज्योति के वकील रविंद्र सिंह ढुल ने इस केस में अपना पक्ष रखते हुए बताया था कि ज्योति मल्होत्रा ने किसी तरह की कोई भी देश विरोधी चीजें पाकिस्तान नहीं भेजी हैं। पुलिस ने बिना किसी आधार के एफआईआर दर्ज की है। सीक्रेट एक्ट लगाते समय यूनियन होम मिनिस्टर कम्पीटेंट अथॉरिटी की कंप्लेंट होनी जरूरी है, मगर ज्योति के केस में ऐसा कुछ नहीं हुआ।

ज्योति को 15 मई को किया था गिरफ्तार

बता दें कि हिसार पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के शक में 15 मई को गिरफ्तार किया था। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3, 4 और 5 के तहत जासूसी, राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने और गोपनीय जानकारी साझा करने जैसे गंभीर आरोप हैं।

पाकिस्तान और चीन की यात्रा से शक

ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा सुरक्षा एजेंसियों की नजर में तब आई जब वह पिछले साल 2024 में 2 महीने के भीतर पाकिस्तान और फिर चीन गई थी। ज्योति मल्होत्रा के यूट्यूब पर अपलोड वीडियो की डेट के अनुसार वह 17 अप्रैल 2024 को पाकिस्तान गई थी। 15 मई तक वह पाकिस्तान में ही रही, इसके बाद भारत लौटी। पाकिस्तान से लौटने के 25 दिन बाद ही 10 जून को वह चीन चली गई।

वहीं 9 जुलाई तक चीन में रही और फिर वहीं से 10 जुलाई को नेपाल में काठमांडू पहुंच गई। इससे पहले वह करतारपुर कॉरिडोर से पाकिस्तान गई, तो वहां पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री और पूर्व पीएम नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज शरीफ से मिली और उनका इंटरव्यू तक किया।

E-Paper 2025