करावल नगर में घर के अंदर हुई मां-बेटे की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में गाजियाबाद के लोनी से कथित तांत्रिक राहुल को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपित ने घर से गहने लूटने के लिए तंत्र-मंत्र का बहाना बनाकर मां-बेटे का गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया था। घर से छह लाख रुपये के गहने, रकम व अन्य सामान लेकर फरार हाे गया था। पुलिस ने इसके पास से गहने, मृतकों का फोन और लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करावल नगर थाना पुलिस को उमलेश और इनके बेटे अशोक का शव घर में पड़े होने की सूचना मिली थी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी खजूरी हरीश कुकरेती की देखरेख में एक टीम बनाई। टीम ने मृतकों के घर से लेकर 20 किमी के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी में कैद एक शख्स की फाेटो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया गया और अशोक के माेबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया गया। पुलिस लोकेशन की मदद से लोनी स्थित अरोपित के घर पहुंच गई और उसे धर दबोचा।
तंत्र मंत्र का दिया झांसा
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह नगर पालिका में अस्थायी कर्मचारी है। वह जल्द रुपये कमाने के चक्कर में लोगों को तंत्र-मंत्र का झांसा देता है। गत वर्ष उसकी मुलाकात अशोक से हुई थी। अशोक ने उसे बताया कि उसके घर में पारिवारिक कलह है, इससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा है। अशोक ने आरोपित से कहा था वह उसके घर में पूजा कर दे, जिससे घर का माहौल सही हो जाए। आरोपित उसके घर गया और उसकी नजर गहनों पर पड़ गई। आरोपित को पता चल गया था परिवार ने गहने और नकदी कहा रखे हुए हैं।
पहले ही तय कर लिया था हत्या का दिन
आरोपित ने बताया कि कुछ दिनों पहले अशोक ने उसे फोन करके घर में पूजा करने के लिए बुलाया था, उसने घर में पूजा कर दी। उसी दिन उसने 19 मई को दोनों की हत्या का दिन चुन लिया। उसने अशोक से कहा 19 को रात में पूजा होगी। पहले से तय दिन के हिसाब से कथित तांत्रिक अशोक के घर पहुंचा। पहले उसने मां-बेटे के साथ खाना खाया। देर रात को आरोपित ने तंत्र-मंत्र के नाम पर मां-बेटे को नशीला पदार्थ पिला दिया। कुछ ही देर में अशोक बेसुध होकर गिर गया, उसकी मां ने आरोपित से पूछा कि वह बेसुध कैसे हो गया। इसपर आरोपित ने कहा कि तंत्र-मंत्र का असर है। आरोपित ने अशोक की मां को घर के नीचे बनी दुकान से सामान लाने भेज दिया, इस बीच आरोपित ने अशोक का गला घोंट दिया। जब अशोक की मां दुकान से वापस लौटी तो उन्हीं की चुन्नी से उनका गला घोंट दिया।