गर्मी ज्यादा तो स्कूलों में छुट्‌टी कर सकेंगे जिला कलेक्टर:जैसलमेर में तापमान का नया रिकॉर्ड, जयपुर में सड़कों पर छिड़काव, आज आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को सोमवार को राहत मिली। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण दोपहर बाद हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर सहित कई शहरों आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे।

चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, अलवर समेत इनके आसपास के एरिया में घने बादल छाने के साथ धूलभर हवा चली। वहीं, सरकार ने जिला कलेक्टर्स को तेज गर्मी के कारण स्कूलों में छुट्‌टी करने का अधिकार दिया है।

इधर, जैसलमेर में अप्रैल में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज होने का रिकॉर्ड बना। जयपुर में दिन-रात का तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ऊपर दर्ज हो रहा है।

इधर, मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 28 अप्रैल को भी 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 2 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है।

जिला कलेक्टर्स ले सकेंगे डिसीजन: जिले में तापमान ज्यादा होने पर जिला कलेक्टर्स अब स्कूलों की छुट्‌टी भी कर सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय इससे पहले स्कूलों के संचालन समय में बदलाव करने के डिसीजन को भी आदेश निकाल चुका है।

जयपुर में न दिन में चैन न रात में: सोमवार को राजधानी एक्सट्रीम हीट की चपेट में रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री ऊपर 43.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं, रात का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री ऊपर 31.7 डिग्री रहा।

सभी शहरों में पारा 40 के ऊपर: पिछले 24 घंटे में सभी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, धौलपुर, करौली के अलावा जयपुर और उसके आसपास के एरिया में दिन में लू चली।

जैसलमेर में अप्रैल का सर्वाधिक तापमान: जैसलमेर में सोमवार को गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। अप्रैल माह का सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड हुआ। पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले सर्वाधिक तापमान 18 अप्रैल 2025 को 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे: दोपहर तक तेज गर्मी और हीटवेव के बाद गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ के एरिया में मौसम में बदलाव हुआ। बीकानेर, गंगानगर में ओले गिरे। हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, अलवर के एरिया में भी शाम को मौसम में बदलाव हुआ। यहां धूलभरी हवा चली और हल्की बारिश हुई।

जयपुर में पारा 43 डिग्री के पार, शाम को आंधी चली

जयपुर में सोमवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज गर्मी के साथ जयपुर में दिन में लू चली। दिनभर गर्मी के बाद शाम करीब 5 बजे जयपुर के मौसम में बदलाव हुआ। कई ​इलाकों में धूलभरी हवा चली और हल्की बूंदाबांदी हुई। आज भी आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है।

अजमेर में गर्मी ने 3 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

अजमेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सीजन का सर्वाधिक टेंपरेचर रहा। मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो बीते 3 साल में अप्रैल में दिन का पारा 42.3 डिग्री के ऊपर नहीं गया है। जबकि इस बार 42.5 डिग्री दर्ज हुआ है।

कोटा में गर्मी ने 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

कोटा में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसने पिछले 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले 2018 में अप्रैल में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज हुआ था। न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया है।

सीकर में दिन में गर्मी शाम को बारिश हुई

सीकर में सोमवार शाम को मौसम में बदलाव हुआ है। शाम करीब सवा 5 बजे बादलों की गर्जना शुरू हुई। इसके बाद धूल भरी हवा चली। तेज हवा के साथ कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे पहले दिन में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया।

भगवान ने किया नौका विहार

उदयपुर में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। 26 और 27 अप्रैल दोनों दिन में अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय तेज गर्मी में कोई राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली।

अलवर में बारिश हुई

अलवर में सोमवार को दिन का तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। सुबह से कुछ इलाकों में बादल भी छाए रहे। शाम करीब 7 बजे तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।