गुजरात निकाय चुनाव- 10,050 सीटों में 732 निर्विरोध चुने गए:15 में से 4 नगर निगम में भाजपा की जीत, सूरत में कांग्रेस को एक सीट

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के मंगलवार को वोटों की गिनती जारी है। 15 नगर निगम, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे।

10,050 सीटों में से 732 सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुआ है, जिनमें भाजपा 712 सीटों पर आगे है। बीजेपी ने 15 नगर निगम में से 4 पर जीत दर्ज कर ली है। वहीं, सूरत में अब तक भाजपा ने 23 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस ने एक सीट जीती है।

गुजरात में 26 अप्रैल को रविवार को स्थानीय और नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, 15 नगर निगमों में 55.1% मतदान हुआ। नगरपालिकाओं में 65.53%, जिला पंचायतों में 66.64% और तालुका पंचायतों में 67.26% वोटिंग दर्ज की गई थी।

पिछले चुनाव में बीजेपी ने 8,470 में से 6,236 सीटें जीती थीं

2021 के स्थानीय चुनाव में BJP ने शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी नगरपालिकाओं की 8,470 सीट में से 6,236 सीट जीती थीं। BJP ने तब सभी छह नगर निगमों के अलावा 81 नगरपालिकाओं, 32 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों पर अपना दबदबा बनाए रखा था।

वहीं, अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी AIMIM के 7 पार्षद चुने गए थे। आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की राजनीति में एक मजबूत तीसरी ताकत के रूप में एंट्री की थी।

सूरत नगर निगम में आप ने 120 में से 27 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था। AAP इस बार 5,000 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अन्य उम्मीदवारों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, एआईएमआईएम और निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

2015 के चुनावों में भाजपा को पंचायतों में सबसे बड़ा झटका लगा था। कुल 31 में से भाजपा केवल 8 जिला पंचायतों में ही जीत हासिल कर सकी थी। वहीं कांग्रेस ने 23 जिला पंचायतों में अपना दबदबा कायम रखते हुए भाजपा के कमल को हरा दिया था।