पॉपस्टार शकीरा ने फुटबॉल वर्ल्डकप ओपनिंग में ‘डाई-डाई’ सॉन्ग गाया:नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय ने भी परफॉर्म किया; मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को हराया

फुटबॉल वर्ल्ड कप की शुरुआत हो चुकी है। गुरुवार रात को मैक्सिको में 39 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी हुई। इसमें पॉप स्टार शकीरा और नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय ने परफॉर्म किया। दोनों ने मिलकर FIFA का ऑफिशियल सॉन्ग ‘डाई-डाई’ गाया।

करीब 2 घंटे तक चली ओपनिंग सेरेमनी के बाद FIFA प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो ने हॉलीवुड एक्ट्रेस सलमा हाएक की मौजूदगी में वर्ल्ड कप ट्रॉफी पेश की। यहां कोलंबियाई सिंगर जे बलवीन ने भी परफॉर्म किया। इसके बाद मैक्सिको ने ओपनिंग मैच में साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराया।

फुटबॉल वर्ल्ड कप के खिलाफ प्रदर्शन भी हुआ

वर्ल्ड कप के बीच मैक्सिको में विरोध प्रदर्शन भी जारी रहा। टीचर्स की सैलरी बढ़ाने और बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर लोग सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सरकार सामाजिक समस्याओं को नजरअंदाज कर वर्ल्ड कप आयोजन पर ध्यान दे रही है।

अब वर्ल्ड कप के पहले मैच की रिपोर्ट पढ़ें

ओपनिंग मैच के 9वें मिनट में मैक्सिको के जूलियन क्विनोनेस ने गोल किया। इसके बाद 67वें मिनट में स्ट्राइकर राउल जिमेनेज बेहतरीन हेडर लगाकर बढ़त दोगुनी कर दी। मैक्सिको सिटी के एज्टेका स्टेडियम में रेफरी ने 3 रेड कार्ड दिए। साउथ अफ्रीका के स्पेफेलो सिथोले और थेम्बा ज्वाने को रेड कार्ड मिला। वहीं मैक्सिको के सेसर मोंटेस को एक्स्ट्रा टाइम में रेड कार्ड दिखाया गया।

जूलियन ने पहला गोल किया

मैक्सिको को बढ़त 9वें मिनट में मिली। साउथ अफ्रीका के कप्तान और गोलकीपर रोनवेन विलियम्स की गलती टीम पर भारी पड़ गई। विलियम्स के बैकपास का फायदा उठाकर जूलियन क्विनोनेस ने टूर्नामेंट का पहला गोल दाग दिया।

44वें मिनट में क्विनोनेस का शॉट गोल पोस्ट से टकराकर बाहर आ गया। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका पहले हाफ में अटैक नहीं कर सकी और हाफ टाइम तक 1-0 से पीछे रही।

जिमेनेज के गोल से बढ़त दोगुनी हुई

67वें मिनट में मैक्सिको के रोबर्टो अल्वाराडो ने क्रॉस डाला। इस पर स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने हेडर लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ मैक्सिको ने अपनी बढ़त 2-0 कर ली और मैच अपने नाम कर लिया।

जिमेनेज खोपड़ी टूटने के बाद भी नहीं मानी हार, 8 महीने बाद मैदान पर की थी वापसी

मेक्सिको की जीत में टीम का दूसरा गोल करने वाले 35 साल के स्ट्राइकर राउल जिमेनेज का करियर एक समय खतरे में पड़ गया था। नवंबर 2020 में इंग्लिश प्रीमियर लीग के एक मैच के दौरान गेंद के लिए संघर्ष करते हुए उनकी टक्कर आर्सेनल के डिफेंडर डेविड लुइज से हो गई थी।

यह टक्कर इतनी भयावह थी कि जिमेनेज मैदान पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल ऑक्सीजन दी गई और अस्पताल ले जाया गया। जांच में पता चला कि उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया है। उस समय डॉक्टरों को भी संदेह था कि वह दोबारा पेशेवर फुटबॉल खेल पाएंगे या नहीं।

गंभीर चोट के कारण जिमेनेज करीब छह महीने तक ट्रेनिंग नहीं कर सके। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और लंबी रिकवरी के बाद आठ महीने में मैदान पर वापसी की। सुरक्षा के मद्देनजर वह आज भी मैचों के दौरान एक विशेष सुरक्षात्मक हेडबैंड पहनकर खेलते हैं।

मैच में 3 रेड कार्ड

दूसरे हाफ की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के मिडफील्डर स्पेफेलो सिथोले को रेड कार्ड मिला। 49वें मिनट में गोल की ओर बढ़ रहे ब्रायन गुटिएरेज को सिथोले ने पीछे से फाउल कर दिया। रेफरी ने इस पर रेड कार्ड दिखा दिया।

साउथ अफ्रीका की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। 84वें मिनट में थेम्बा ज्वाने को वॉयलेंट कंडक्ट के लिए रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद साउथ अफ्रीका को 9 खिलाड़ियों के साथ मैच खेलना पड़ा। इंजरी टाइम में मैक्सिको के सेसर मोंटेस को भी गोल करने का मौका रोकने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया।

दोनों टीमों की स्टार्टिंग प्लेइंग-XI

मैक्सिको- राउल रेंगल (कप्तान), सेसर मोंटेस, जोहान वास्केज, इजरायल रेयेस, जीसस गालार्डो, एरिक लीरा, अल्वारो फिडाल्गो, ब्रायन गुटिएरेज, राउल जिमेनेज, जूलियन क्विनोनेस और रोबर्टो अल्वाराडो।

साउथ अफ्रीका- रोनवेन विलियम्स (कप्तान), ऑब्रे मोडिबा, मबेकेजेली म्बोकाजी, न्कोसिनाथी सिबिसी, खुलिसो मुदाउ, इमे ओकोन, टेबोहो मोकोएना, स्पेफेलो सिथोले, जेडन एडम्स, लाइल फोस्टर और इकराम रेनर्स।