पंजाबी सिंगर रेशम अनमोल बोले- मैंने कोई प्रोपेगेंडा नहीं किया:मई में हुआ था 1.55 करोड़ डिफेंडर का फ्यूल पंप डैमेज, मिल रही धमकियां

पंजाबी सिंगर रेशम अनमोल ने कुछ दिन पहले एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से अपनी 1.55 करोड़ रुपए की डिफेंडर खराब होने का एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने रेशम अनमोल को ट्रोल करना शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने पैसे लेकर यह प्रोपेगेंडा किया है।

रेशम अनमोल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक और वीडियो पोस्ट कर कहा कि उन्होंने कोई प्रोपेगेंडा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि उनकी डिफेंडर कार मई में खराब हुई थी, जिसके बाद वह उसे वर्कशॉप लेकर गए। वहां जांच में पता चला कि फ्यूल पंप में खराबी थी।

रेशम अनमोल का कहना है कि कुछ दिन पहले उन्होंने कई पेट्रोल पंपों पर जाकर शुद्ध पेट्रोल की तलाश की, लेकिन उन्हें यह नहीं मिल पाया, जिससे वह परेशान हुए। उन्होंने वीडियो केवल इसलिए पोस्ट किया था ताकि सभी पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मांग की कि सरकार पेट्रोल पंपों पर नोटिस बोर्ड लगाकर यह जानकारी दे कि पेट्रोल में कितना एथेनॉल मिलाया गया है।

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों और मिल रही धमकियों के बीच रेशम सिंह ने एक नया वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने सर्विस सेंटर का बिल दिखाते हुए स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित नहीं है, बल्कि आम वाहन चालकों की समस्या को सामने लाना है।

  • ‘ना एजेंडा, ना प्रोपेगेंडा’: रेशम अनमोल ने वीडियो में कहा कि उनकी डिफेंडर गाड़ी वास्तव में खराब हुई थी। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित दादा मोटर्स से इसका फ्यूल पंप बदलवाया है और उनके पास इसका पूरा बिल मौजूद है। कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि वह पैसे लेकर किसी एजेंडे के तहत एथेनॉल के खिलाफ बोल रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उनके लिए सभी राजनीतिक दल समान हैं और उनका उद्देश्य केवल आम जनता की व्यावहारिक समस्या को सामने रखना है।
  • 5 पेट्रोल पंपों पर भटके: रेशम अनमोल ने कहा कि वह शुद्ध पेट्रोल की तलाश में पांच पेट्रोल पंपों पर गए थे। 27 मई 2026 को एक शो में जाते समय उनकी गाड़ी अचानक बंद हो गई थी। जांच के दौरान फ्यूल पंप में खराबी सामने आई। कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से दिल्ली जाते समय उन्होंने 5 से 6 पेट्रोल पंपों पर XP100 या XP95 जैसे हाई-स्पीड/प्योर पेट्रोल की तलाश की, लेकिन किसी भी पंप पर यह उपलब्ध नहीं मिला।
  • पेट्रोल पंप कर्मी नहीं दे पाए सही जानकारी: रेशम अनमोल ने कहा कि हर पेट्रोल पंप पर एथेनॉल की मात्रा को लेकर कर्मचारी अलग-अलग दावे (5% से 8%) कर रहे थे, जिससे भ्रम और परेशानी की स्थिति बनी।
  • पेट्रोल पंपों पर ‘एथेनॉल डिस्प्ले’ अनिवार्य करने की मांग: रेशम सिंह अनमोल ने सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय से अपील की है कि हर पेट्रोल पंप पर सार्वजनिक नोटिस बोर्ड लगाया जाए, जिसमें पेट्रोल में मिलाए गए एथेनॉल की सटीक मात्रा दर्ज हो। वाहन चालकों को यह जानने का पूरा अधिकार होना चाहिए कि वे अपनी गाड़ी में किस गुणवत्ता का ईंधन भरवा रहे हैं।
  • 2025 में खरीदी थी डिफेंडर

    रेशम अनमोल के करीबी ने बताया कि अनमोल के पास पहले रेंज रोवर स्पोर्ट्स थी, जो 2025 में पंजाब बाढ़ राहत कार्य के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद 7 नवंबर 2025 को उन्होंने लगभग 1.55 करोड़ रुपये में सफेद रंग की डिफेंडर-110 खरीदी थी।