कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में दूध सप्लाई करके साइकिल से घर लौट रहे दुकानदार की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा अंबाला-पिहोवा रोड पर जुरासी गांव के कट के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार महिंद्रा XUV ने गलत साइड में आकर साइकिल को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार उछलकर गाड़ी के अगले शीशे से जा टकराया और उसके सिर व पैरों में गंभीर चोटें आईं। मृतक की पहचान सुरेश कुमार (42) निवासी हरिगढ़-भौरख के रूप में हुई। सुरेश की गांव में दूध की डेयरी और किराने की दुकान है।
दूध बांटकर लौट रहा था घर
गुरप्रीत सिंह निवासी हरिगढ़-भौरख ने कहा कि उसका चचेरा भाई सुरेश साइकिल पर पिहोवा में दूध सप्लाई करने गया था। दूध बांटने के बाद किराना का सामान लेकर गांव लौट रहा था। सुरेश अंबाला रोड पर जुरासी कट से आगे अंबाला की तरफ पहुंचा, तो सामने से तेज रफ्तार से महिंद्रा XUV (HR41F-9741) आ रही थी।
साइकिल में सीधी मारी टक्कर
इसी दौरान ड्राइवर ने कट मारते हुए गलत साइड में जाकर सुरेश की साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुरेश उछलकर सीधे XUV के अगले शीशे से टकराया। उसके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसका साइकिल खेत में दूर जाकर गिरा और सुरेश सड़क पर गिर पड़ा।
प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल सुरेश कुमार को उसी XUV में डालकर प्राइवेट अस्पताल पिहोवा लाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत उसकी गंभीर बताते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसी बीच XUV ड्राइवर अस्पताल में अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
PGI ले जाते समय बिगड़ी हालत
परिजन उसे एंबुलेंस से PGI लेकर जा रहे थे, लेकिन अंबाला के पास उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उसे वापस LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र ले आए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।