IIT Delhi New Course 2022-23: आईआईटी दिल्ली सेशन 2022-23 से बैचलर ऑफ डिजाइन कोर्स शुरू करेगा, UCEED के माध्यम से मिलेगा प्रवेश

IIT Delhi New Course 2022-23: इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली (IIT Delhi) शैक्षणिक सत्र 2022-23 से बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des.) कार्यक्रम शुरू करेगा। चार वर्षीय B.Des. कार्यक्रम संस्थान के डिजाइन विभाग द्वारा पेश किया जाएगा और शुरुआत में 20 सीटें होंगी। इस संबंध में आईआईटी दिल्ली ने अपने ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से जानकारी दी है और साथ ही प्रेस रिलीज भी जारी किया है। इसके अलावा, इस बारे में आधिकारिक वेबसाइट पर भी डिटेल जानकारी साझा की गई है।

आईआईटी दिल्ली ने अपने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि डिजाइन का मानव जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ता है और यह किसी भी देश की सामाजिक और आर्थिक प्रगति का वाहन है। आईआईटी दिल्ली की सभी ज्ञान अनुप्रयोग गतिविधियों के लिए डिजाइन अब केंद्र में है। इसे ध्यान में रखते हुए, IIT दिल्ली बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने सत्र 2022-23 से ‘बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des.)’ शुरू करने की मंजूरी दी है।

B.Des. प्रोग्राम संस्थान के डिजाइन डिपार्टमेंट द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जो 2017 में अस्तित्व में आया। यह कोर्स सभी विशेषज्ञता (विज्ञान, कला, वाणिज्य आदि) के स्टूडेंट्स के लिए ओपन होगी। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश UCEED रैंक के आधार पर दिया जाएगा। संस्थान द्वारा शुरू किए गए नए कार्यक्रम के बारे में IIT दिल्ली के निदेशक, प्रोफेसर वी रामगोपाल राव ने कहा कि हम डिजाइन में इस नए स्नातक कार्यक्रम को शुरू करने के बारे में खुश हैं, क्योंकि यह पहली बार है जब IIT दिल्ली भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के अलावा अन्य स्नातक छात्रों (B.Des) को प्रवेश दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि डिजाइन में स्नातक (B.Des) कार्यक्रम और डिजाइन में अन्य कार्यक्रम, जो आईआईटी दिल्ली में पाइपलाइन में हैं, गुणवत्ता वाले डिजाइन पेशेवरों की भारी मांग आपूर्ति अंतर को पाटेंगे। हमारे देश को एक रचनात्मक अर्थव्यवस्था के रूप में उत्कृष्टता प्राप्त करने की आवश्यकता है।

गौरतलब है कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बॉम्बे (IIT Bombay) ने अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जाम फॉर डिजाइन (UCEED 2022) के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार, ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से 10 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 23 जनवरी, 2022 को किया जाना है।