पेट्रोलपंप मालिक की टीचर पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:पति का दावा- घर पर अकेली थी, गेट तोड़कर अंदर घुसा तो बेसुध मिली

डूंगरपुर में पेट्रोल पंप संचालक की टीचर पत्नी घर पर संदिग्ध परिस्थितियों मे मृत मिली। पति ने पुलिस को बताया कि वो काफी देर तक घर का मेन गेट खटखटाता रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

गेट तोड़कर अंदर पहुंचा तो पत्नी बेसुध हालत में थी। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मंगलवार (4 अगस्त) शाम 7 बजे शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के आजाद नगर इलाके की है।

एएसआई विपिन सिंह ने बताया कि सुसाइड करने वाली अनामिका जैन (45) बालाडिट सरकारी स्कूल में टीचर थी। उनके पति निलेश जैन ने पत्नी की मौत की जानकारी पुलिस को दी थी।

पति ने पड़ोसियों की मदद से गेट तोड़ा

पुलिस को दी शिकायत में निलेश जैन ने बताया कि मंगलवार शाम को उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। वे खुद सागवाड़ा-आसपुर रोड के अपने पेट्रोल पंप पर थे। देर शाम वो पेट्रोल पंप से घर लौटे तो पत्नी ने काफी देर तक गेट नहीं खोला।

करीब आधा घंटे की कोशिश के बाद घर में घुसे तो पत्नी जमीन पर गिरी हुई थी। उससे होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। पड़ोसी और रिश्तेदारों की मदद से उसे हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उसे डॉक्टर ने मृत बता दिया।

एक बेटा उदयपुर, एक सूरत में रहता है

एएसआई ने बताया कि अनामिका का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद बॉडी परिवार को दी जाएगी। पुलिस के अनुसार अनामिका और निलेश के दो बेटे हैं। दोनों की शादी हो चुकी है।

बड़ा बेटा राहुल जैन (25) गुजरात के सूरत में एक कंपनी में इंजीनियर है। छोटा बेटा अग्रिम जैन (21) उदयपुर में फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा है। दोनो बेटों की शादियां हो चुकी है। अनामिका के ससुर पृथ्वीराज जैन जिला उद्योग विभाग में अधिकारी थे।