सोनीपत में इलेक्ट्रिशियन को लाठी-डंडों से पीटा:बाइक सवार तीन युवकों ने रोका रास्ता; सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में आपसी रंजिश को लेकर एक युवक पर बीच सड़क हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक पर आए 3 युवकों ने पहले उसका रास्ता रोका और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमलावरों ने पीड़ित को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।

घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गन्नौर में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल जांच में उसके शरीर पर सात चोटें पाई गईं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान से घर लौटते वक्त हमला

गन्नौर के गांव बेगा के रहने वाले फैजान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गन्नौर में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। 3 अगस्त की शाम करीब 8 बजे वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। जब वह गन्नौर चौक स्थित शराब ठेके के पास पहुंचा, तो बाइक पर आए समीर, दिलावर और उनके एक अन्य साथी ने उसका रास्ता रोक लिया।

लाठी-डंडों से पीटा, मारने की धमकी

पीड़ित का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने बिना किसी उकसावे के उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वह आगे भी नहीं सुधरा, तो उसे जान से मार देंगे। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मेडिकल जांच में मिली सात चोटें

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सीएचसी गन्नौर पहुंची, जहां घायल फैजान का इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने उसकी मेडिकल जांच (एमएलआर) की, जिसमें शरीर पर कुल सात चोटें दर्ज की गईं। सभी चोटें कुंद वस्तु (ब्लंट ऑब्जेक्ट) से लगना बताई गई हैं।

विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज

घायल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एचएसआईआईडीसी बड़ी थाना में एफआईआर दिनांक 4 अगस्त 2026 दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमले की पूरी घटना और आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।