Lakhimpur Kheri violence: दिल्ली में यूपी भवन के बाहर महिला कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

लखीमपुर हिंसा मामले को लेकर दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए। वाम दलों के साथ ही कांग्रेस पार्टी के ये प्रदर्शन दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय के साथ ही चाणक्यपुरी स्थित उत्तर प्रदेश भवन के बाहर हुए। इसे देखते हुए अ‌र्द्धसैनिक बल के साथ काफी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में भाजपा मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों में दिल्ली देहात गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। इस प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, पूर्व सांसद रमेश कुमार, उदित राज और प्रदेश उपाध्यक्ष जय किशन, अभिषेक दत्त, मुदित अग्रवाल, शिवानी चोपड़ा और अली मेंहदी, पूर्व मंत्री डा. नरेन्द्र नाथ, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन समेत महिला कांग्रेस की अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुई।

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चाणक्यपुरी स्थित उत्तर प्रदेश भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी भवन के अंदर घुसने की कोशिश में थे, जिन्हें रोकने के लिए काफी संख्या में जवान तैनात रहे। इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवीजी ने कहा कि इस घटना से साबित हो गया है कि यह सरकार किसानों को कुचलने और खत्म करने की राजनीति कर रही है। अन्नदाताओं के हक की लड़ाई अब थमने नही देंगे।

वहीं, दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी लखीमपुर खीरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अगर विपक्ष के नेता वहां जाना चाह रहे हैं तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है। आप नेता संजय सिंह को क्यों रोका गया। संजय सिंह को रात के ढाई बजे से ही गिरफ्तार करके रखा गया है। उन्होंने कहा कि यूपी की सरकार विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार कर रही है, ये कैसी सरकार है।