पटना पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग:अपराधी के पैर में लगी गोली, 2 फरार; SI घायल, थाना प्रभारी के सिर में चोट

पटना में रविवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। वहीं, गोली लगने से SI राजू कुमार सिंह घायल हो गए। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के सिर में भी चोट लगी है।

SSP कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस और अपराधी के बीच कुल 62 राउंड फायरिंग हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने मौके से पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए हैं। घायल अपराधी को PMCH रेफर किया गया है। SI राजू कुमार सिंह का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुठभेड़ बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में हुई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान दो अपराधी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस को देखते ही की फायरिंग

पुलिस को इनपुट मिला था कि सोन नदी में कुछ अपराधी नाविकों से रंगदारी वसूल रहे हैं। इनपुट कन्फर्म होने के बाद पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची। पुलिस को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते नदी के बीच दोनों तरफ से गोलीबारी होने लगी। कुछ देर तक चली मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी अवनीश कुमार को गोली लग गई।

बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के भी घायल होने की खबर है। अवनीश कुमार टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है। वह एके-47 से जुड़े एक मामले में फरार चल रहा था।

दो पिस्टल, एक कार्बाइन समेत कई हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, एक राइफल, एक कार्बाइन और एक देसी कट्टा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोन नदी में रंगदारी वसूली का यह खेल कितने समय से चल रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं।

घटना के बाद पुलिस ने सोन नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद हथियार अपराधियों तक कैसे पहुंचे और उनका इस्तेमाल पहले किन वारदातों में किया गया है।

इसके साथ ही पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया, “नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कुछ लोगों द्वारा रंगदारी और पैसा वसूलने की सूचना मिली थी। इसके बाद थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुल के पास संदिग्ध स्थिति में नाव पर कुछ लोग मिले।

SSP बोले- कुल 62 राउंड फायरिंग हुई

पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी। अपराधियों ने करीब 40 राउंड और पुलिस ने 22 राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी अनीश कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि कुछ अपराधी नदी में कूदकर फरार हो गए। नाव के पास से एक अन्य अपराधी पीयूष कुमार को गिरफ्तार किया गया।”

SSP ने कहा, “कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार और सब इंस्पेक्टर राजू कुमार समेत कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। अनीश कुमार का इलाज PMCH में चल रहा है। उसके खिलाफ छह अलग-अलग कांड दर्ज हैं। पिछले साल इसी तरह की घटना में उसके पास से एक AK-47 बरामद हुई थी।”