दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट नदी में शुक्रवार रात गिरे सीमेंट से भरे ट्रक से शनिवार देर रात दो शव बरामद किए गए। जबलपुर से बुलाई गई तीन क्रेनों की मदद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब 24 घंटे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। दोनों शवों को एंबुलेंस की मदद से पटेरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
पुल से 40 फीट नीचे नदी में गिरा था ट्रक
हादसा शुक्रवार रात करीब 1 बजे हुआ था। कटनी से दमोह की ओर सीमेंट लेकर जा रहा 18 चक्का ट्रक दमोह-कटनी मार्ग पर चीलघाट पुल से अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा था। पुल की रेलिंग तोड़ने के बाद ट्रक नदी में उल्टा होकर फंस गया था।
सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में ट्रक देखा तो पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जानकारी में ट्रक में दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी।
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में आई परेशानी
घटना के बाद पुलिस ने रेस्क्यू की कोशिश शुरू की, लेकिन नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण परेशानी आ रही थी। शनिवार सुबह दमोह से एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची थी और बचाव अभियान शुरू किया था। ट्रक में भारी मात्रा में सीमेंट लदा होने के कारण उसे हिलाना और सीधा करना मुश्किल था। इसी वजह से यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि ट्रक में कितने लोग सवार थे।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। इसके बाद ट्रक को नदी से बाहर निकालने के लिए जबलपुर से तीन विशेष क्रेन बुलाई गईं। तीनों क्रेन शनिवार शाम करीब 6:30 बजे चीलघाट पुल पर पहुंचीं। क्रेन पहुंचने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य टीमों ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
क्रेन से ट्रक हिलाया तो दिखा हाथ
शनिवार रात करीब 9:30 बजे तक रेस्क्यू टीम को कोई सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को धीरे-धीरे हिलाया गया। इसी दौरान ट्रक की केबिन के अंदर एक हाथ दिखाई दिया।
हाथ दिखाई देने के बाद एसडीआरएफ के जवानों ने ट्रक के आसपास पहुंचकर जांच की। भारी टॉर्च की रोशनी में केबिन के अंदर दो लोगों के शव दिखाई दिए। इसके बाद तीनों क्रेनों की मदद से ट्रक को हिलाकर शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 1 बजे ट्रक से पहला शव बाहर निकाला गया। इसके करीब एक घंटे बाद रात 2 बजे दूसरा शव भी नदी से बाहर निकाल लिया गया। दोनों शवों को एंबुलेंस की सहायता से पटेरा स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान उनके परिजनों और दस्तावेजों के आधार पर की है।
विदिशा के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ट्रक ड्राइवर अभिषेक पिता सुरेश वंशकार (23) और क्लीनर तुलसीनाथ पिता गणेश (38) के रूप में हुई है। दोनों सुन्नंता, थाना त्योंदा, जिला विदिशा के रहने वाले थे।
रेस्क्यू टीम ने ट्रक से दोनों शव तो बाहर निकाल लिए हैं, लेकिन सीमेंट से लदा ट्रक अभी भी नदी में फंसा हुआ है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाकर ट्रक को नदी से बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि ट्रक के अंदर अब किसी और व्यक्ति के होने की संभावना काफी कम है। हालांकि, ट्रक को पूरी तरह सीधा करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नदी में तेज बहाव से बढ़ी मुश्किल
चीलघाट नदी में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव तेज है। ऐसे में नदी में उतरकर रेस्क्यू करना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। भारी ट्रक और उसमें भरे सीमेंट के कारण भी रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लगा।
कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 1 बजे सीमेंट से भरा ट्रक चीलघाट पुल से नदी में गिरा था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया, लेकिन तेज बहाव और ट्रक में सीमेंट लदा होने के कारण सफलता नहीं मिली। जबलपुर से तीन क्रेन बुलाने के बाद शनिवार रात ट्रक से दो शव बरामद कर लिए गए। अब रविवार सुबह ट्रक को नदी से बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी।