कर्ज से परेशान बेटे ने की पिता की हत्या:बोला- छत से गिरने से मौत हुई; चिता पर सिर में कुल्हाड़ी से हमले का घाव नजर आया

डूंगरपुर में पिता की हत्या कर उसे हादसे का रूप देने की कोशिश करने वाले बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कर्ज के चलते जमीन बेचने का प्रयास किया, लेकिन पिता के मना करने पर कुल्हाड़ी से वार कर मर्डर कर दिया। मामला जिले के सांगवाड़ा थाना इलाके का है।

थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया- गोवाड़ी गांव निवासी कांतिलाल अपने पिता गौतमलाल यादव (82) को 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे गंभीर हालत में सांगवाड़ा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा था। कांतिलाल ने डॉक्टरों को बताया था कि उसके पिता घर की छत से गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में इलाज के दौरान गौतमलाल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को उसी रात घर ले आए। अगले दिन 28 अगस्त की सुबह परिजन और ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।

अंतिम संस्कार के समय खुला राज

श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की क्रियाओं के दौरान जब मृतक के सिर पर बंधी पट्टियां खोली गईं, तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। सिर पर धारदार हथियार के ऐसे गंभीर घाव और निशान मौजूद थे, जो किसी भी स्थिति में छत से गिरने के नहीं लग रहे थे। ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि धारदार हथियार से सिर पर हमला किए जाने के कारण मौत हुई है।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में कबूला जुर्म

संदेह के आधार पर पुलिस ने कांतिलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने कानूनी कार्रवाई और जेल जाने से बचने के लिए छत से गिरने की झूठी कहानी रची थी। उसने कबूला- कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ 3-4 वार किए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। कर्ज और जमीनी विवाद को लेकर की हत्या

पूछताछ में हत्या की वजह जमीनी विवाद और कर्ज सामने आया। कांतिलाल ने कई जगह से उधारी ले रखी थी, जिस पर भारी ब्याज लग रहा था। कर्ज चुकाने के लिए वह अपनी जमीन बेचना चाहता था, लेकिन पिता गौतम जमीन बेचने का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी से तंग आकर उसने पिता की हत्या की साजिश रची।