जिले में लंबे समय से रूठा मानसून अब एक बार फिर से एक्टिव मोड में आ गया है। रविवार को दिनभर आसमान में घने बादल तो छाए रहे, लेकिन मेघ बरसे नहीं। बारिश नहीं होने के कारण तीखी उमस और गर्मी ने आमजन को खासा परेशान किया। रविवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। जिले में पिछले करीब एक महीने से बारिश का दौर थमा हुआ है, जिसका सबसे ज्यादा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
बारिश की उम्मीद लगाए बैठे किसानों को मिलेगी राहत, पारा घटेगा
लगातार बढ़ रही उमस और गर्मी के बीच मौसम विभाग के अनुसार अब सोमवार को जिले में तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। यदि सोमवार को अच्छी बारिश होती है, तो न केवल आमजन को इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि सूखने की कगार पर पहुंच चुकी फसलों के लिए भी यह बारिश संजीवनी का काम करेगी।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की बेरुखी और हवाओं के बदले रुख के कारण यह स्थिति बनी है।