लुधियाना में AAP विधायक ने ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारा:साइड न मिलने पर गुस्साईं, हाथ से चाबी छीनी; रवनीत बिट्टू बोले- सत्ता का अहंकार

लुधियाना में आम आदमी पार्टी की हलका दक्षिणी से विधायक रजिंदरपाल कौर छीना ने ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ जड़ दिया। गाड़ी को साइड न देने पर विधायक आग-बबूला हो गईं। हालांकि, MLA ने थप्पड़ मारने से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने ड्राइवर के हाथ से चाबी छीनी थी।

ड्राइवर ने पुलिस में शिकायत दी है। वहीं ड्राइवर और उसके साथियों ने सोमवार देर शाम विधायक के खिलाफ धरना लगाया। इस मामले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी AAP सरकार को घेरा और कहा कि गरीब ट्रक ड्राइवर पर हाथ उठाना सत्ता के अहंकार और शर्मनाक गुंडागर्दी का सबूत है।

MLA का ड्राइवर पीछे से हूटर बजाता रहा घटना सोमवार दोपहर बाद की है। एक ट्रक डाबा रोड से निकल रहा था। उसके पीछे से विधायक की कार आ रही थी। ट्रक सड़क पर खड़ा हो गया। विधायक का ड्राइवर पीछे से हूटर बजाता रहा, लेकिन ट्रक आगे नहीं निकला। इसी बीच विधायक कार से उतरीं और गनमैन के साथ आगे आ गईं। सोशल मीडिया पर थप्पड़ जड़ने का वीडियो वायरल हो रहा है।

विधायक कार से उतरकर गुस्से में आईं वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला विधायक कार से उतरकर गुस्से में अपने गनमैन के साथ आईं और ट्रक का दरवाजा खोला। ड्राइवर अपनी सीट पर बैठकर ही बात कर रहा था, तो विधायक ने उसे नीचे उतार दिया। जैसे ही वह नीचे उतरा, विधायक ने उसे जोर से एक थप्पड़ मार दिया। उस समय उसके पीछे गनमैन भी खड़ा था।

क्या बोला ड्राइवर ड्राइवर का कहना है कि जैसे ही विधायक ने मुझे से थप्पड़ मारा, मैं सहम गया और अपनी गलती पूछने लगा। विधायक ने आते ही उसे धमकाना शुरू कर दिया।

विधायक बोलीं- मैंने कोई थप्पड़ नहीं मारा मामले में विधायक रजिंदरपाल कौर छीना का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार टिप्पर चलाने वालों की कई शिकायतें मिली थीं। यह ड्राइवर भी तेज रफ्तार से ट्रक चला रहा था। उसने एक एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। जब हमने उसे रोका तो उसकी चाबी छीनी थी। मैंने कोई थप्पड़ नहीं मारा। उसके हाथ में चाबी थी, उसे छीना था। मैंने मौके पर थाना डाबा से पुलिस बुलाई थी और ड्राइवर को उसके हवाले कर दिया था।

रवनीत बिट्टू बोले- सत्ता के अहंकार की हद पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि लुधियाना में सिर्फ साइड न मिलने पर आप विधायक राजिंदरपाल कौर छीना द्वारा गरीब ट्रक ड्राइवर पर हाथ उठाना सत्ता के अहंकार और शर्मनाक गुंडागर्दी का सबूत है।

मेहनतकश लोगों की इज्जत नीलाम कर रहे बिट्टू ने कहा कि भगवंत मान सरकार के राज में विधायक खुद कानून हाथ में लेकर आम मेहनतकश लोगों की इज्जत नीलाम कर रहे हैं। बिट्टू ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या वे अपनी विधायक के खिलाफ FIR दर्ज करवाएंगे या इस दादागिरी का समर्थन करेंगे?