5 रुपए के नोट के बदले 35 लाख का झांसा:13 साल के बच्चे से 10 हजार की ठगी; 10 से ज्यादा VIDEO भेजकर जीता विश्वास

“मैं पापा के फोन पर इंस्टाग्राम पर रील देख रहा था। इसी दौरान एक वीडियो आया, जिसमें दावा किया गया था कि 5 रुपए के पुराने नोट के बदले 35 लाख रुपए मिल सकते हैं। वीडियो में दिए नंबर पर कॉल किया तो रजिस्ट्रेशन के नाम पर पहले 520 रुपए मांगे गए।

इसके बाद पुराने नोट की फोटो भेजने को कहा गया। फिर आरोपियों ने अलग-अलग बहाने से मुझसे 9 हजार 450 रुपए और ऐंठ लिए। पैसे लेने के बाद उन्होंने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया।”

ये कहना है वैशाली के रहने वाले अनिकेत कुमार का, जिसकी उम्र सिर्फ 13 साल है। 13 सितंबर को लड़के ने हाजीपुर साइबर सेल में अपने साथ हुए ठगी की शिकायत की है।

पीड़ित बच्चे ने कहा, लाखों रुपए मिलने का लालच देकर ठगों ने वॉट्सएप पर मुझसे बात की। मुझे अलग-अलग वीडियो भेजकर धीरे-धीरे करके 10 हजार से ज्यादा पैसे ऐंठ लिए।

इतना ही नहीं जब मैंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने किसी आर्मी जवान का फोटो भेजा और कहा- अगर दोबारा इस नंबर पर मैसेज कर पैसे मांगे तो जेल भिजवा दूंगा। मामला वैशाली के माइल पकड़ी गांव का है।

वॉट्सएप पर आया ठगी का वीडियो, 35 लाख की लालच में 10 हजार गए

पीड़ित बच्चे अनिकेत ने बताया, मैं क्लास 4 में पढ़ता हूं। स्कूल से आने के बाद कुछ देर पापा की किराना दुकान पर बैठता हूं। इस दौरान पापा के फोन पर ही रील देखता हूं। हर दिन की तरह 30 अगस्त को भी स्कूल से आने के बाद पापा की दुकान पर पहुंचा था। वहां बैठकर रील देख रहा था, तभी वॉट्सएप पर एक अनजान नंबर से वीडियो आया।

वीडियो में बताया जा रहा था कि अगर किसी के पास 5 रुपए का पुराना नोट है तो उसकी फोटो दिए गए नंबर पर भेजने पर 35 लाख रुपए मिलेंगे। ऐसा वीडियो मुझे इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी दिख चुका था, इसलिए मुझे लगा कि शायद यह बात सच हो सकती है।

वीडियो देखने के बाद मैंने घर में किसी को बताए बिना उस नंबर पर पुराने नोट की फोटो भेजने की कोशिश की। इसी दौरान उसी नंबर से एक मैसेज आया। इसमें कहा गया कि पहले 520 रुपए रजिस्ट्रेशन के लिए भेजने होंगे। इसके बाद ही मैं इस प्रोसेस में आगे बढ़ सकता हूं।

मैंने पापा के गूगल-पे नंबर से उनके बताए नंबर पर 520 रुपए भेज दिए। इसके बाद वॉट्सएप पर फिर मैसेज आया। आरोपियों ने मेरे आधार कार्ड की फोटो और मेरे पास मौजूद 5 रुपए के पुराने नोट की फोटो मांगी। मैंने दोनों की तस्वीरें उन्हें भेज दीं।

बच्चे को भरोसे में लेने के लिए भेजे 4-5 वीडियो

इसके बाद आरोपियों ने एक वीडियो रिकॉर्डिंग भेजी। इसमें एक व्यक्ति स्क्रीन दिखाते हुए नजर आ रहा था, जबकि पीछे से कोई दूसरा व्यक्ति बोल रहा था- “सर, आपने अपने बैंक का टैक्स जमा नहीं किया है। इसी वजह से आपके अकाउंट में पैसा नहीं जा रहा है। प्लीज, आप अपना टैक्स जमा कर दीजिए। इसके बाद ही हमलोग आपके अकाउंट में पैसा भेज पाएंगे।”

इसके कुछ देर बाद आरोपियों ने एक और वीडियो भेजा। इसमें एक व्यक्ति खुद की रिकॉर्डिंग करते हुए कह रहा था- “सर, ये हमारा ऑफिस है। यहीं से हम आपका काम फाइनल कर रहे हैं। इसमें कोई इश्यू नहीं है। आप अपना टैक्स पूरा कर दीजिए और अपना पैसा ले लीजिए, कोई दिक्कत नहीं होगी। आपके पास हमारा वीडियो पहुंच गया है। ये देखिए, यहां बैंक की मशीनें भी लगी हुई हैं। आपको सबकुछ साफ दिखाई दे रहा है। ओके सर, थैंक यू, नमस्कार।”

हालांकि, जब बच्चे ने इन वीडियो पर कोई जवाब नहीं दिया तो आरोपियों ने उसका भरोसा जीतने के लिए एक के बाद एक कई वीडियो और वॉइस रिकॉर्डिंग भेजीं।

एक वीडियो में ATM से लाखों रुपए के नोट निकलते दिखाए गए। इसके बाद 2-3 और वीडियो भेजे गए, जिनमें बड़ी मात्रा में रुपए दिखाई दे रहे थे। आरोपियों ने एक वॉइस रिकॉर्डिंग भी भेजी, जिसमें कहा गया- “आपकी रकम तैयार हो रही है। पूरा पैसा आपके घर पहुंच जाएगा।”

एक आरोपी ने खुद को BSF का जवान बताया

अनिकेत ने आगे बताया, पैसों के वीडियो और लगातार भेजे जा रहे मैसेज से मुझे भरोसा हो गया था कि आरोपियों के पास वास्तव में इतनी बड़ी रकम मौजूद है। इसके बाद 3 सितंबर को उसी वॉट्सएप नंबर से एक और वीडियो भेजा गया। इसमें एयरपोर्ट जैसा स्थान दिखाई दे रहा था। कुछ लोग एक बॉक्स में पैसे पैक करते नजर आ रहे थे।

वीडियो में एक व्यक्ति कह रहा था- “यह एयरपोर्ट है सर। इन्होंने पेमेंट चेक किया हुआ है। मैं BSF का जवान हूं और आपके भरोसे के लिए यह वीडियो बनाकर भेज रहा हूं। यह देखिए, यहां आपका पार्सल रखा हुआ है। इस बॉक्स में आपका पूरा पेमेंट है। अभी इसकी बिलिंग और टैक्स की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद मैं यहां से सीधे आपके घर आऊंगा। यह देखिए, आपका पैसा इसी बॉक्स में रखा हुआ है और फिलहाल यहीं रुका हुआ है। थोड़ा जल्दी करवा दीजिए सर।”

इन वीडियो और रिकॉर्डिंग के जरिए आरोपियों ने मुझे लगातार यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि 5 रुपए के पुराने नोट के बदले मिलने वाली 35 लाख रुपए की रकम वास्तव में तैयार है और सिर्फ टैक्स और अन्य औपचारिकताओं के कारण भुगतान रुका हुआ है।

इसके बाद उन्होंने मुझे 1 QR कोर्ड भेजा और 9 हजार 420 रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा। मैंने तुरंत पैसे ट्रांसफर कर दिए। मुझे लगा ये टैक्स का पेमेंट करने के बाद शायद मेरे पास 35 लाख रुपए आ जाए।

ये पैसे देने के बाद पापा के अकाउंट में और पैसे नहीं बचे थे। मैं डर गया था। मैंने तुरंत इस बात की जानकारी पापा को दी। इसके बाद पापा ने जब उस नंबर पर फोन करना शुरू किया तो ठगों ने फोन रिसीव करना छोड़ दिया।

ठग ने हमें आर्मी जवान के नाम से दी धमकी

अनिकेत के पिता हरेंद्र राय ने बताया, जब मुझे बेटे के साथ हुई ठगी की जानकारी मिली तो मैंने आरोपियों के नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन सामने वाले ने कॉल उठाना बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे नंबर से फोन कर जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपी धमकाने लगा। उसने ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी भी दी।

आरोपियों ने डराने के लिए आर्मी के जवान की तस्वीर भी भेजी। इसके बाद हमने साइबर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल नंबर, QR कोड और जिन खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए हैं, उनसे जुड़े ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।

साइबर क्राइम पुलिस उपाधीक्षक चांदनी सुमन ने लोगों से सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा, इन दिनों पुराने नोट बेचने या बदलने के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन चलाए जा रहे हैं।

ठग पुराने नोट के बदले लाखों रुपए मिलने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या अन्य किसी बहाने से रुपए की मांग कर ठगी करते हैं। इस मामले में फिलहाल कार्रवाई की जा रही है।