गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक राइडर युवती को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी है। एसीपी हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के बाद इस केस में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS जोड़ी गई है। जिसमें 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस द्वारा जल्द ही आरोपी कार चालक को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
आरोपी कल्याण बैंसला के सामने आने और घटना को दुर्घटना बताने के बाद अब सिया ने भी सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। वीडियो में सिया ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उसे दुख था तो टक्कर मारने के बाद वह मौके पर क्यों नहीं रुका।
सिया ने यह भी दावा किया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया और जानबूझकर रोकने की कोशिश की गई। लेडी बाइकर ने आरोप लगाया कि मेरी जान जा सकती थी और टक्कर के बाद आरोपी ने यह तक जानने की कोशिश नहीं की कि वह सुरक्षित हैं या नहीं।
सिया ने वीडियो में कहा कि कार से टक्कर मारने के बाद कल्याण बैंसला एक सेकंड के लिए भी नहीं रुका। हादसे के बाद मौके से भाग जाना घटना को और गंभीर बनाता है। उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोगों पर शर्म आती है। महिलाओं को दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर अनसेफ फील होता है।
दो वीडियो भी सबूत के लिए काफी
सिया ने कहा कि क्या हिट एंड रन जैसे मामले में सामने आए दो वीडियो भी काफी सबूत नहीं हैं। घटना पूरी तरह कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसमें साफ दिख रहा है कि कार उनकी बाइक को टक्कर मारती है और चालक मौके से भाग जाता है। उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया और कार चालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के लिए दो वीडियो काफी हैं। ऐसे लोगों को सिखाया जाए कि सड़कों पर गाड़ी कैसे चलाई जाती हैं।
दुर्घटना का नया वीडियो आया सामने
इसके अलावा उसके पीछे आ रहे दूसरे राइडर के कैमरे में का वीडियो भी वायरल हो रहा है। पीड़िता के पीछे चल रहे साथी राइडर का नया वीडियो कार ड्राइवर की मंशा को जाहिर करता है। हालांकि इस मामले में पुलिस पहले ही अज्ञात कार ड्राइवर पर केस दर्ज कर चुकी हैं। हालांकि अभी तक पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट नहीं किया है। जबकि उसकी पहचान तक की जा चुकी है।
सिया के ठीक पीछे अपनी बाइक से चल रहे इंस्टाग्राम यूजर youknowabhishek_ के वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार ड्राइवर ने पहले सिया को रुकने का इशारा किया। सुरक्षा के लिहाज से जब सिया नहीं रुकीं, तो आरोपी ने कार को सिया की स्पोर्ट्स बाइक की तरफ मोड़ा और साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
इस नए वीडियो को पोस्ट करते हुए साथी राइडर अभिषेक ने बेहद भावुक और गुस्से में लिखा कि मुझे नहीं लगता कि गुड़गांव अब लड़कियों के लिए सुरक्षित रह गया है।
सड़क पर घिसटती दिखी युवती
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया हवा में उछलकर सड़क पर दूर जाकर गिरीं और कई मीटर तक घिसटती चली गईं। आरोपियों ने उसे उठाने की बजाय अपनी कार भगा कर ले गए। जबकि पीछे आ रहे दोस्तों ने सिया को उठाया। जबकि कुछ दूसरे राइडरों का कार का पीछा भी किया।
आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया है। एसीपी हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) और 109 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।