सीएम योगी बुधवार को गोरखपुर में थे। यहां योगी ने कहा- अगले 6 महीने में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले 1 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देंगे। यह काम 19 सितंबर से शुरू करने जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों में हजारों शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हो चुके हैं।
हमने इससे पहले साढ़े 9 लाख लोगों को नौकरी दी है। 2017 से पहले नौकरी निकलती थी और सैफई सिंडिकेट वसूली के लिए निकल पड़ता था। किसी नौजवान को नौकरी नहीं मिलती थी। सौदेबाजी होती थी। कोर्ट में जाना पड़ता था। लूट-खसोट और अराजकता उनकी दिमागी खुरापात का हिस्सा था।
गोरखपुर में सीएम योगी 2 कार्यक्रमों में शामिल हुए। पहला- सुबह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का लोकार्पण किया। यहां कहा- एक समय उत्तर प्रदेश पर बदनुमा दाग लगा था। हर जिले का एक दुर्दांत माफिया नेतृत्व करता था। इंसेफ्लाइटिस भी माफिया और मच्छर की तरह खत्म हो गया है। आज वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज है। आज 75 जिले हैं, लेकिन 85 मेडिकल कॉलेज हैं।
दूसरा- योगी ने शाम 4 बजे गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के बनाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इसे बनाने में 3 करोड़ 9 लाख रुपए खर्च हुए हैं। ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर बने हॉल में 300 लोगों के बैठने की क्षमता है। शादी और अन्य आयोजनों के लिए सस्ते दामों में इसकी बुकिंग करा सकेंगे।
योगी बोले- आज यूपी कर्फ्यू और दंगा मुक्त है
कल्याण मंडपम के उद्घाटन में योगी ने कहा- आज यूपी कर्फ्यू मुक्त है, दंगा मुक्त है। अपराधी या तो जेल में हैं या दूसरे लोक की यात्रा पर जा चुके हैं। अब खुलेआम किसी को धमकी नहीं दे सकते, अपराध नहीं कर सकते। हर व्यक्ति सुरक्षित है, हर व्यक्ति के लिए सुरक्षा की गारंटी है।
उन्होंने कहा- रामगढ़ताल के बारे में कोई सोचता था कि इतना सुंदर होगा। देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। पहले गंदा था। वास्तव में ये गंदगी और बीमारी गोरखपुर की नहीं थी, बल्कि यह गंदगी और बीमारी सपा-कांग्रेस सरकारों की गंदी मानसिकता का परिणाम था। पहले गंदगी थी, अपराध था, किसी को कोई सुविधा नहीं थी। आज सबको सुविधा मिल रही है।