अजमेर निगम में मेयर के लिए भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने:दोनों ही पार्टियां बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए बना रही रणनीति, बाड़ेबंदी में पार्षद

अजमेर नगर निगम के मेयर चुनाव में अब कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। कांग्रेस की ओर से किरण गढ़वाल और भाजपा की ओर से अनामिका शर्मा मेयर पद के लिए मैदान में है।

वहीं, गुरुवार को नामांकन जांच के बाद दोनों प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए। भाजपा प्रत्याशी की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के निगम में बकाया राशि को लेकर लगाई गई आपत्ति को निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया। इसके साथ ही मेयर चुनाव का मुकाबला अब सीधे दोनों दलों के बीच रह गया है।

अजमेर में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और निर्दलीय 11 पार्षद

नगर निगम के 80 वार्डों के परिणाम में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और निर्दलीय 11 पार्षद हैं। मेयर बनाने के लिए 41 पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। ऐसे में 11 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो गई है। कांग्रेस की ओर से 40 पार्षदों के साथ होने का दावा किया जा रहा है, इनमें 3 निर्दलीय भी शामिल हैं। वहीं दोनों ही दल निर्दलीय पार्षदों के समर्थन को लेकर अपने-अपने दावे कर रहे हैं। इसी बीच पार्षदों की बाड़ेबंदी भी जारी है।

अब निगाह 21 सितंबर पर

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेयर चुनाव का अंतिम फैसला 21 सितंबर को होगा। इसी दिन नगर निगम के पार्षद मतदान करेंगे और अजमेर को नया मेयर मिलेगा। फिलहाल दोनों खेमे अपने पार्षदों को एकजुट रखने और बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए रणनीति में जुटे हैं। ऐसे में 11 निर्दलीय पार्षदों का रुख चुनाव के दिन तस्वीर साफ करने में अहम रहेगा।