यूपी में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग लगाए गए। ये होर्डिंग गोंडा और गाजीपुर में रविवार की देर रात लगाए गए। सुबह सपा नेताओं की नजर इन होर्डिंग्स पर पड़ी तो सपाइयों में आक्रोश फैल गया। एक-एक कर सभी पोस्टरों को सपा नेताओं ने फाड़ दिया गया।
गोंडा में लगे पोस्टरों में लिखा- आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार। जबकि गाजीपुर में लगे पोस्टर में लिखा- मफियाराज और अखिलेश लूट लिया था पूरा प्रदेश। गाजीपुर के पोस्टरों में माफिया अतीक अहमद, मुख्तार असांरी, सपा नेता रमाकांत, उमाकांत यादव और मुन्ना बजरंगी की फोटो भी लगी है। नीचे लिखा है, अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश।
दोनों जिलों में ये विवादित पोस्टर किसने लगाए हैं, ये अभी तक क्लीयर नहीं पाया है। सपा नेताओं के विरोध के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अब समझिए पूरा मामला
गोंडा में लखनऊ हाईवे पर चौपाल सागर चौराहे पर के पास सोमवार तड़के करीब 4 बजे समाजवादी पार्टी (सपा) सुप्रीमो अखिलेश यादव और उनकी पूर्व सरकार को लेकर विवादित होर्डिंग लगे मिले।
इनमें अखिलेश यादव के साथ अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई थीं। इनमें अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी से जुड़ी खबरों की कटिंग भी लगाई गई थी। पोस्टरों के जरिए सपा और अखिलेश यादव को इन नेताओं से जोड़ने का संदेश दिया गया था।
सपा नेता ने लोगों की मदद से फाड़े पोस्टर
पोस्टर लगे होने की जानकारी मिलने पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लाल चंद्र गौतम ने अपनी गाड़ी रोकी। वह लखनऊ जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों पोस्टर फाड़ दिए।
गौतम ने आरोप लगाया- भाजपा के लोग आए दिन उनके नेता के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर अहंकारी, भ्रष्टाचारी और चंदा चोर होने का आरोप भी लगाया।
लाल चंद्र गौतम ने दावा किया कि माफियाओं का संबंध उनके नेता से नहीं, बल्कि भाजपा के बड़े नेताओं से हैं। गोंडा में इस तरह के विवादित पोस्टर तीसरी बार लगाए गए हैं। इससे पहले भी दो बार ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिन्हें सूचना मिलने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया था।
गाजीपुर में 10 जगहों पर लगे होर्डिंग
गाजीपुर में पोस्टर विकास भवन चौराहा, लंका मैदान के बाहर, महुआबाग चौराहा, विशेश्वरगंज तिराहा, रौजा तिराहा और लंका-कचहरी रोड समेत शहर 10 जगहों पर लगाए गए। विकास भवन चौराहे पर एक पोस्टर देखने के बाद सपा कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उसे फाड़ दिया।
गाजीपुर के सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अज्ञात लोगों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की छवि खराब करने के लिए शहर में होर्डिंग लगाए हैं। उन्होंने डीएम और एसपी से तत्काल होर्डिंग हटवाने और इन्हें लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।