दिल्ली में गाय से दरिंदगी : युवक ने किया घिनौना काम, 5 दिन बाद हो गई मौत

देश की राजधानी दिल्ली में एक गाय की मौत ने मानवता को भी शर्मसार कर दिया है। दक्षिण दिल्ली के ओखला इलाके में 13 नवंबर की रात को हैवानियत की शिकार गाय की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। बताया जा  रहा  है कि शनिवार रात दरिंदगी की कड़ी में पहले तो गाय के साथ दुष्कर्म किया गया, फिर इसके बाद आरोपित युवक ने उसकी आंत में शराब की बोतल डाल दी। हैवानियत यही पर नहीं रुकी, बल्कि युवक ने गाय के सिर पर बड़े पत्थर से हमला भी किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हालांकि, आरोपित रामजीत की इस हरकत को देखकर गाय के मालिक पवन भाटी ने उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया था। ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपित रामजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में अपनी तरह का यह पहला मामला है, जिसमें एक मासूम की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पवन भाटी ओखला इलाके में रहते हैं। शनिवार रात पवन ने पुलिस को फोन कर बताया था कि रामजीत नाम के युवक ने उनकी चाची की गाय के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि पवन व आसपास के लोगों ने रामजीत को दबोच रखा है। पुलिस ने रामजीत को गिरफ्तार कर लिया।

पवन ने पुलिस को बताया कि आरोपित रामजीत ने गाय से दुष्कर्म के बाद उसके निजी अंगों में शराब की बोतल और पत्थर डाल दिए हैं। आरोपित ने गाय की हत्या के लिए उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए। वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपित इससे पहले कुत्ते से भी दुष्कर्म का प्रयास किया था,  जिसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई की थी।