मुंबई में मंगलवार को खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। मुंबई आने वाली 11 उड़ानों को आसपास के अलग-अलग हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया।
डायवर्ट की गई उड़ानों में 5 इंडिगो, 4 एयर इंडिया और 1-1 अकासा एयर तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें शामिल हैं।
स्टर्न डिस्टरबेंस के असर से मंगलवार को राजस्थान के बीकानेर और चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम बदलने से रात में ठंड बढ़ गई और शेखावाटी में न्यूनतम पारा 20°C से नीचे पहुंच गया।
नेपाल में भारी बारिश के चलते बिहार के वाल्मीकिनगर और वीरपुर बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते मंगलवार को मोतिहारी के दो बांध टूट गए। इससे निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। 70 से ज्यादा घरों में पानी भर गया है।
यूपी के बदायूं में लगातार बारिश के बाद ग्रामीण इलाकों में परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार को सुंदरनगर गांव से बहेटा जबीं जाने वाली सड़क का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। कानपुर में भी सड़कें डूबी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से भारी बारिश हो रही है। मंगलवार को बस्तर की इंद्रावती नदी का जलस्तर 53 साल बाद 12.39 मीटर पहुंच गया। जगदलपुर के निचले इलाके पानी में डूब गए हैं।
ड्रोन तस्वीरों में इन इलाकों में पानी भरा दिखाई दे रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें 8,894 लोग रह रहे हैं।