श्रीगंगानगर के नरसिंहपुरा-मांझूवास-बारानी क्षेत्र में प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट को लेकर हनुमान बेनीवाल और प्रशासन के बीच सहमति बन गई है।
श्रीगंगानगर उपखंड अधिकारी नयन गौतम रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे (NH-62) पर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्लांट को लेकर कमेटी फिर से विचार करेगी।
उनकी डिमांड जयपुर भेजी जाएगी। इसके बाद हनुमान बेनीवाल और उनके सैकड़ों समर्थकों ने करीब चार घंटे से जाम हाईवे को खोल दिया।
दरअसल, प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट के विरोध में ग्रामीण 5 महीने से आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति नहीं बनने के बाद बुधवार को नरसिंहपुरा-बिरानी में महापंचायत भी हुई थी।
यहां पहुंचे सांसद हनुमान बेनीवाल ने मांगों को लेकर करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ श्रीगंगानगर कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया था।
पुलिस ने महियावाली टोल नाके के पास चूनावढ़ थाना क्षेत्र में काफिला रोक लिया था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर दिया था।
- पहले श्रीगंगानगर के पास चक 6-जेड में प्लांट प्रस्तावित था। इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था।
- इसके बाद 2016 में जगह बदलकर शहर से करीब 7-8 KM दूर नेतेवाला के चक 1 जी छोटी में की गई। नेतेवाला में करीब 10 साल तक प्रक्रिया चली। सरकारी स्वीकृतियां, एनओसी और करीब 78 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत होने के साथ निर्माण का ठेका भी दिया गया था।
- नेतेवाला में भी ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासन ने इस साल प्लांट को नरसिंहपुरा-मांझूवास-बिरानी में शिफ्ट करने का प्रस्ताव रखा। नई जगह पर भी ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और करीब पांच माह से आंदोलन चल रहा है।