AC बस-ट्रेलर की टक्कर,बिहार के युवक समेत 4 की मौत:वॉल्वो का एक साइड उड़ा, दिल्ली से दरभंगा आ रही थी, यूपी में हादसा

दिल्ली से बिहार के दरभंगा आ रही AC बस की यूपी के अंबेडकरनगर में ट्रेलर से टक्कर हो गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई। 4 गंभीर घायल हैं।

50 यात्रियों को लेकर बस दिल्ली से निकली थी। हादसा शुक्रवार सुबह 5 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर हुआ।

टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्री अंदर फंस गए। चीख-पुकार मच गई।

हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू चला।

बस का आधा हिस्सा साफ, सड़क पर खून

टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का आधा हिस्सा साफ हो गया है। यात्रियों के सामन लटके दिख रहे हैं। सड़क पर खून फैला है।

जिस ट्रेलर से बस की टक्कर हुई, उसमें टाइल्स लोड थी। हादसे के बाद सड़क पर उसके टुकड़े बिखर गए।

ड्राइवर को झपकी आने से हादसा

बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस की स्पीड 100 के करीब बताई जा रही थी। बस ड्राइवर, कंडक्टर और ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग गए।

एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की थी। शुरुआती जांच में लग रहा है कि बस चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई।

ज्याादतर यात्री बिहार के, एक मृतक की पहचान

बस में ज्यादातर यात्री बिहार के थे। 4 मृतकों में एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है। सचिन वैशाली जिले के महुआ छतवारा के रहने वाले थे। सचिन कुमार के पिता का नाम रविंद्र कुमार बताया गया है।

वहीं, घायलों में सुमित मिश्रा, सुमित आनंद और रिंकू कुमारी की पहचान हुई है। सुमित मिश्रा की उम्र 28 साल है और वह बिहार के रग्घुन कोठी के रहने वाले हैं।

40 साल के सुमित आनंद दरभंगा निवासी हैं। जबकि 45 साल की रिंकू कुमारी मुजफ्फरपुर नगर की रहने वाली हैं।

ट्रेलर टाइल्स लोडकर राजस्थान से बिहार जा रहा था।