नमो क्रिकेट लीग में हिसार को हराकर विजेता बना गुरुग्राम:ड्रोन शो में PM का बनाया फोटो, समापन में पहुंचे मनोहर लाल-रेसलर खली

पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में खेली जा रही नमो क्रिकेट लीग का रविवार देर रात भव्य समापन हो गया। रोमांचक ग्रैंड फिनाले में गुरुग्राम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हिसार को मात देकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी द्वारा आयोजित इस लीग में नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया गया।

समापन समारोह में केंद्रीय विद्युत और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जहां तरुण भंडारी ने उनका स्वागत किया। WWE रेसलर ग्रेट खली भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

गुरुग्राम ने बनाए 105 रन, हिसार लक्ष्य से चुका

फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुरुग्राम की टीम ने मजबूत खेल दिखाया और निर्धारित ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 105 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार की टीम ने भी पूरा जोर लगाया, लेकिन गुरुग्राम की कसी हुई गेंदबाजी के आगे हिसार की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई और उपविजेता रही।

कार्यक्रम में पहुंचे ये दिग्गज

समापन अवसर पर हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक मनमोहन भड़ाना, मेयर श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती व भोपाल खदरी, द ग्रेट खली, भजन गायक कन्हैया मित्तल, कुनाल कुमार, मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।