IPL फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स के फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन और तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने टीम छोड़ दी है। दोनों ने हाल ही में फ्रेंचाइजी को इसकी जानकारी दी। हैडिन और होप्स के बिग बैश लीग (BBL) से जुड़ सकते हैं।
अब IPL 2027 से पहले टीम को 3 कोच की जरूरत है। क्योंकि, साईराज बहुतुले ने पहले ही टीम छोड़ दी है। वे टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच बने हैं। नए कोचों को मिड-दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले चुना जा सकता है।
पंजाब की टीम पिछले IPL में 5वें स्थान पर रही थी। उसने लखनऊ के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीता। लेकिन, यह जीत प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी नहीं थी।
पोंटिंग चुनेंगे नया कोचिंग स्टाफ
क्रिकबज के अनुसार पंजाब किंग्स मैनेजमेंट नए कोचों की तलाश शुरू कर चुका है। नए स्टाफ पर फैसला रिकी पोंटिंग करेंगे। मैनेजमेंट कुछ नाम सुझा सकता है।
उम्मीदवारों से बातचीत और इंटरव्यू पोंटिंग के उनसे बात करने के बाद होंगे। एक सूत्र ने कहा, ‘हेड कोच ही फैसला करेंगे।’ पोंटिंग ने इस बारे में पूछे गए सवाल का तुरंत जवाब नहीं दिया।
फील्डिंग कोच थे हैडिन, होप्स पर पेस अटैक की जिम्मेदारी
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर ब्रैड हैडिन पंजाब किंग्स के फील्डिंग कोच थे। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेम्स होप्स पोंटिंग के कार्यकाल में टीम के बॉलिंग कोच थे।
होप्स पोंटिंग के करीबी माने जाते थे। वे कुछ सीजन पहले पोंटिंग के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स से पंजाब किंग्स में आए थे। हैडिन पिछली मैनेजमेंट टीम से जुड़े हुए थे। उस समय ट्रेवर बेलिस टीम के प्रमुख थे।