लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव टीवी शो राइज एंड फॉल की वजह से नई मुश्किलों में फंसते दिख रहे हैं। तेजप्रताप और ऐश्वर्या राय के बीच तलाक का मामला पटना के फैमिली कोर्ट में चल रहा है।
5 अक्टूबर को इस मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन एक वकील के निधन की वजह से उस दिन कोर्ट नहीं चला। अब 18 नवंबर को सुनवाई होगी। इस बीच टीवी शो में बातचीत के दौरान तेजप्रताप ने ऐश्वर्या पर गंभीर आरोप लगाए। इससे वह कानूनी से लेकर पारिवारिक तक, कई मुश्किलों में फंस सकते हैं।
पहले जानिए, तेजप्रताप ने रियलिटी शो में क्या कहा
तेजप्रताप बोले, ‘मेरी नई-नई शादी हुई थी, तीन महीने में ही लड़ाई-झगड़ा होने लगा। मैं कुछ और था और वह कुछ और थी। प्रेशर में मैंने शादी कर ली थी। उस समय हेल्थ मिनिस्टर ऑफ बिहार था।’
‘घर जाने का मन नहीं करता था, कभी दोस्त के घर रुक गया तो कभी कहीं और चला गया। मुझे घर से जल्दी निकलने नहीं देती थी। मम्मी-पापा के सामने खूब चीखना- चिल्लाना करती थी। मेरा पूजा करना उसे पसंद नहीं था। बोलती थी कि पूजा मत करो।’
‘चार-पांच बजे तक उसकी पार्टी चलती थी (इशारे में बताया कि सिगरेट का धुआं उड़ाती थी)। अरेंज मैरिज में ऐसा हो गया था। एक दिन मैं विधानसभा गया हुआ था, शाम में घर लौटा। बेडरूम में घुस रहा था तो वह किसी लड़के से चैट कर रही थी। वह उसका कोई पुराना ब्वॉय फ्रेंड था। चैट पर लव यू लिख रही थी, उसको हर्ट भेज रही थी।’
‘मैंने यह सब दूर से देख लिया। मेरी सबसे पॉजिटिव बात थी कि वह जब-जब लड़ाई करती थी, उसका वीडियो छिपकर बना लेता था। वह हमारा एविडेंस हो गया, जिसको मैंने कोर्ट में लगाया है।’
‘हमेशा लड़का ही गलत नहीं होता है, लड़की भी गलत होती है। वह दिन याद करते हैं तो दिल दहल जाता है। इसलिए जब भी यहां हमसे झगड़ा होता है तो ट्रॉमा हो जाता है हमको।’
अब जानिए, तेजप्रताप को इस बयान की क्या कीमत चुकानी पड़ सकती है
1. कानूनी रूप से घिर सकते हैं
तेजप्रताप यादव कानूनी रूप से घिर सकते हैं। यह सीनियर वकील भी मानते हैं कि जब तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा हो तब ऐसा बयान देना ठीक नहीं है।
अगर उनकी पत्नी ने उनके बयान के आधार पर कोर्ट में शिकायत किया तो उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐश्वर्या इसे टॉर्चर का बड़ा कारण बना सकती हैं। अनुष्का मामले में तेजप्रताप बयान बदलते रहे हैं। ऐश्वर्या और उनका परिवार पहले कह भी चुका है कि लालू परिवार को सब कुछ पहले से मालूम था।
2. राजनीतिक नुकसान, खो सकते हैं लोगों की हमदर्दी
अनुष्का मामले को लेकर लालू यादव ने तेजप्रताप यादव को परिवार से निकाल दिया था। आरजेडी से 6 साल के लिए बाहर कर दिया था।
इसके बाद तेजप्रताप ने जनशक्ति जनता दल नाम की पार्टी बनाई। 2025 के विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारे और कई सीटों पर राजद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
महुआ सीट पर खुद चुनाव लड़े तो वहां से आरजेडी के सीटिंग विधायक मुकेश कुमार रौशन हार गए। LJPR के संजय कुमार सिंह चुनाव जीते। मुकेश दूसरे और तेजप्रताप तीसरे नंबर पर रहे।
तेजप्रताप ने अब ऐश्वर्या को लेकर बातें की हैं। एक यादव की बेटी को लेकर ऐसी बयानबाजी उन्हें राजनीतिक तौर पर नुकसान पहुंचा सकती है। वह लोगों की हमदर्दी खो सकते हैं। यादव वोट बैंक भी उनके साथ खड़ा होने से पीछे हट सकता है।
3. परिवार में वापसी मुश्किल होगी
लालू परिवार में तेजप्रताप की वापसी की संभावना कमजोर होगी। तेजस्वी यादव को लगता है कि साथ लाने के बाद तेजप्रताप फिर से क्या कदम उठा लेंगे कहना मुश्किल है। यानी भरोसे का संकट है।
इसलिए पार्टी में अनुशासन के सवाल को बहुत दिनों तक टालना मुश्किल था। 22 अप्रैल 2022 को आरजेडी के युवा नेता राजाराम ने तेजप्रताप पर गंभीर आरोप लगाया था।
बाद में राजाराम ने बीजेपी की सदस्यता ले ली थी। जगदानंद सिंह से भी तेजप्रताप का लंबा विवाद चला। यह ठीक है कि राबड़ी देवी का स्नेह मां के रूप में तेजप्रताप पर रहता है। इसलिए विधानसभा चुनाव में वह महुआ से चुनाव जीतने का आशीर्वाद पार्टी लाइन से बाहर जाकर तेजप्रताप को देती रहीं।
वह भी समझती हैं कि पार्टी नियमों से चलती है। एक समय जब साधु यादव और सुभाष यादव की वजह से आरजेडी की मुश्किलें बढ़ने लगीं तो दोनों को बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा था।
लालू परिवार से जुड़े पारिवारिक कार्यक्रमों में भी साधु-सुभाष उस तरह से नहीं दिखते। तेजप्रताप लालू परिवार के आयोजनों में दिख रहे हैं, लेकिन बयानबाजी से परिवार को उन्हें पहले जैसा स्वीकारे मुश्किल बढ़ेगी।
4. लोगों के बीच अच्छी छवि का संकट
तेजस्वी यादव ने ईसाई लड़की से शादी की। वह पारिवारिक जीवन निभा रहे हैं। तेजप्रताप के बारे में बहुत सी ऐसी बातें हैं, जिससे उनकी अलग छवि लोगों के बीच अच्छी नहीं बनती।
रियलिटी शो में तेजप्रताप ने ऐश्वर्या के बारे में सार्वजनिक रूप से जो कुछ कहा उससे उनकी छवि पर संकट है। ऐश्वर्या ने कभी इस तरह से तेजप्रताप के बारे में बातें नहीं कीं। तेजप्रताप ने जिस तरह की बातें की उससे लोगों में उनकी अच्छी छवि नहीं बन पाएगी।
5. यादवों की सहानुभूति साथ नहीं रह जाएगी
बिहार में यादव वोट बैंक की वजह से ही लालू प्रसाद लंबी राजनीति कर पाए। ओबीसी में सबसे बड़ी जाति यही है। यादवों की आबादी 14 फीसदी से भी ज्यादा है। तेजप्रताप यादव की ताकत भी यही है।
ऐश्वर्या भी यादव परिवार की बेटी हैं, इसलिए उनके खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी से यादवों के बड़े वर्ग में तेजप्रताप के प्रति नाराजगी बढ़ सकती है। अपने समाज को नाराज कर तेजप्रताप किस तरह से और कितना आगे बढ़ पाएंगे यह सवाल है।
12 मई 2018 को शादी, 3 नवंबर 2018 को मांगा तलाक
तेजप्रताप यादव की शादी 12 मई 2018 को हुई थी। 3 नवंबर 2018 को उन्हें ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी कोर्ट में दी। ऐश्वर्या तलाक नहीं चाहती है। इस बीच कोर्ट ने कोशिश की कि दोनों के बीच सुलह हो जाए।
- पटना चिड़ियाघर में दोनों पक्षों को जुटाया गया और बातचीत से समझौता के लिए कहा गया। पटना के एक बड़े होटल में भी दोनों तरफ से बातचीत का दौर चला, लेकिन बेनतीजा रहा।
- मां राबड़ी देवी ने भी कह दिया कि तेजप्रताप ऐश्वर्या को नहीं रखना चाहते। हालांकि शादी के दो दिन बाद 14 मई को एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार राबड़ी देवी ने कहा था कि ‘हमारी बहू लछमिनिया (अच्छे लक्षण वाली है), उसके आने से घर में खुशियां आई हैं।’
- 2019 के अंत में दिखा कि ऐश्वर्या राय राबड़ी देवी के तत्कालीन सरकारी आवास से रोते हुए बाहर निकलीं और गंभीर आरोप लगाए।
- ऐश्वर्या ने कहा, ‘राबड़ी देवी ने मेरे बाल खींचे और मारा है। गार्ड ने भी मुझे मारा है। मेरा फोन छीन लिया गया। किसी गार्ड ने मदद नहीं की। मेरे मां-बाप को जलील किया गया।’
- तलाक मामले में कोर्ट में ऐश्वर्या ने रहने के लिए उसी स्टेटस का मकान व अन्य सुविधाएं मांगी, जिन सुविधाओं के साथ राबड़ी देवी का परिवार या तेजप्रताप यादव रहते हैं।
- उन्होंने की पटना के एसके पुरी इलाके में घर की मांग। उन्हें आरपीएस मोड़, पटना के पास मकान दिया गया था। जो मकान दिया गया, ऐश्वर्या उसमें रहने नहीं गईं।
ऐश्वर्या क्या कदम उठा सकती हैं?
पटना हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट सर्वदेव सिंह ने कहा, ‘मैंने भी देखा है कि तेजप्रताप यादव ने एक रियलिटी शो में पत्नी ऐश्वर्या राय के बारे में कई बातें कही हैं। जब तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है तो ऐसी बातें कहना आपराधिक है।’
‘उनकी पत्नी आपराधिक मुकदमा दायर कर सकती हैं। कंटेप्ट ऑफ कोर्ट का आरोप लगा सकती हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के कई जजमेंट हैं कि सार्वजनिक रूप से बयान नहीं दिया जा सकता।’
‘पति-पत्नी के बीच जो कुछ भी हुआ तेजप्रताप उसे रियलिटी शो में एक्सप्लेन कर रहे हैं, जबकि खुद डाइवोर्स का केस किए हुए हैं। मामला कोर्ट के विचाराधीन है तो ऐसे बयान देना कानूनी रूप से आपराधिक घटना है।’
विवाद में अनुष्का की इंट्री
कोर्ट में तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या के तलाक का मामला चल ही रहा था कि विवाद में अनुष्का यादव की इंट्री हो गई। तेजप्रताप ने कभी स्वीकार कि वे अनुष्का को वर्षों से जानते हैं तो कभी इंकार किया कि वे उन्हें नहीं जानते हैं।
आरोप लगाया कि इससे जुड़ा जो वीडियो फोटो आदि वायरल हुआ उसे आकाश यादव ने वायरल किया है। मामले में अनुष्का के भाई आकाश ने भी कई तरह के आरोप लगाए।
आकाश यादव ने तेजप्रताप पर जून 2026 में एफआईआर और कोर्ट में में केस भी दर्ज कराया है। तेजप्रताप यादव के बारे में बात सामने आई कि उन्हें बेटी हुई है, लेकिन अब तक तेजप्रताप इंकार करते रहे हैं।
कोर्ट के संज्ञान में सारी बातें हैं: ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय
भास्कर ने ऐश्वर्या राय के पिता चंद्रिका राय से बात की। उन्होंने कहा, ‘इस पर हम कुछ कहना नहीं चाहते हैं, माता-पिता ने उनको (तेजप्रताप यादव को) घर से क्यों निकाल दिया सभी जानते हैं।
बची-खुची सहानुभूति भी खो बैठे तेजप्रताप
राजनीतिक विश्लेषक ओम प्रकाश अश्क ने कहा, ‘अपनी पत्नी के बारे में तेजप्रताप यादव का जो भी डिस्क्लोजर सामने आया है, उससे यादव समाज में उनके प्रति बची-खुची सहानुभूति भी खत्म हो जाएगी।’