संघ प्रचारक को थाने में बेहोश होने तक पीटा:SHO सहित 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; कपड़े उतरवाकर मारपीट, थाने का 6 घंटे घेराव

जयपुर जिले के नरैना में शनिवार रात संघ के जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ थाने में बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर हालत में उन्हें जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया। घटना से आक्रोशित संघ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने 6 घंटे तक थाने का घेराव किया। बाजार भी बंद हो गए।

जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान सहाय ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। थानाधिकारी उमराव सिंह समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

संघ प्रचारक कृष्णावतार के पास सांभर जिले का प्रभार है। शनिवार रात फुलेरा जाते समय नरैना थाने के पुलिसकर्मी उन्हें जबरन पकड़कर थाने ले गए। कृष्ण अवतार ने थानाधिकारी उमराव सिंह को अपना परिचय देते हुए बताया कि वे संघ के प्रचारक हैं। आरोप है कि इस बात पर थानाधिकारी आक्रोशित हो गए।

SHO बोला- इसकी प्रचारकी उतार दो

थानाधिकारी उमराव सिंह ने पुलिसकर्मियों से कहा कि आज इसकी प्रचारकी उतार दो। आरोप है कि एएसआई ओंकार सिंह, अजय, रमेश, कुलदीप, महिपाल और विनोद ने संघ व संघ प्रचारक के परिवार के संबंध में अभद्र टिप्पणियां कीं।

ओंकार सिंह और अजय ने कृष्ण अवतार के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि महिपाल और विनोद ने उनके प्राइवेट पार्ट्स पर हमला किया। इसके बाद कपड़े उतरवाकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे बेहोश हो गए। पुलिसकर्मी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। होश आने के बाद कृष्ण अवतार के साथ फिर मारपीट की गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

विरोध में भाजपा नेता धरने पर बैठे

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और भाजपा जयपुर जिला देहात दक्षिण के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर धरने पर बैठ गए। एसपी हनुमान सहाय ने थानाधिकारी उमराव सिंह, एएसआई ओंकार, रमेश और 3 अन्य जवानों को सस्पेंड कर दिया। एसपी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।