महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152-डी के पास भालखी नहर के कट पर रविवार रात बाइक पुल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार खैरानी निवासी तेजपाल (20-22 वर्ष) नहर में गिरकर बह गया। पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया।
रातभर पुलिस और ग्रामीण नहर में युवक को तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर तलाश अभियान चलाया। सुबह करीब 9 बजे युवक का शव नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कनीना अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की पहचान खैरानी निवासी तेजपाल के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, हादसा थाना सदर कनीना क्षेत्र में नेशनल हाईवे नंबर 152-डी से भालखी नहर के कट के पास हुआ। बाइक नहर के पुल से टकराने के बाद युवक नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह संभल नहीं पाया और बह गया।
रातभर पुलिस और ग्रामीण करते रहे तलाश
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। युवक के नहर में गिरने की जानकारी मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस के साथ ग्रामीण भी रातभर युवक को खोजने में जुटे रहे। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आई। रातभर प्रयास करने के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।
सुबह एनडीआरएफ की टीम ने चलाया अभियान
सोमवार सुबह युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी अभियान में शामिल किया गया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नहर में बोट चलाकर युवक की तलाश की। साथ ही गोताखोरों की मदद भी ली गई। लगातार तलाश के बाद सुबह करीब 9 बजे युवक का शव नहर में मिल गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कनीना के अस्पताल पहुंचाया।