पूर्व क्रिकेटर ने अगरकर की चयन समिति पर सवाल उठाए:वसीम जाफर ने कहा- कमेटी के खराब व्यवहार के कारण कोहली ने टेस्ट से संन्यास लिया

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास के लिए अजीत अगरकर की सिलेक्शन कमेटी को जिम्मेदार ठहराया है।

जाफर ने कहा कि कोहली चयन पैनल के व्यवहार से नाराज थे। उन्होंने यह भी कहा कि कोहली इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे थे और अधिक टेस्ट खेल सकते थे।

भारत के दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पिछले साल एक हफ्ते के भीतर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड के पांच टेस्ट की सीरीज के लिए जाना था।

विराट और टेस्ट क्रिकेट खेल सकते थे- वसीम जाफर

जाफर ने अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति पर कोहली के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया। जाफर ने कहा, ‘ऐसा लगा कि विराट के साथ जिस तरह व्यवहार किया गया, उससे वह थोड़े नाराज थे।’

उन्होंने कहा, ‘विराट जैसा खिलाड़ी दर्शकों को मैदान तक लाता है। उनके बहुत ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वे निश्चित तौर पर और टेस्ट क्रिकेट खेल सकते थे। जब तक हम विराट के मुंह से नहीं सुनेंगे, तब तक पता नहीं चलेगा।’

इससे पहले पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने कोहली के रिटायरमेंट पर कहा था- ‘कोहली लगातार सार्वजनिक टीका-टिप्पणी से मानसिक रूप से थक चुके थे।’

टेस्ट में कई बड़े रिकॉर्ड के करीब थे कोहली

कोहली 125 टेस्ट मैच पूरे करने से सिर्फ दो मैच दूर थे। ऐसा करने पर वह टेस्ट मैचों की संख्या के मामले में महान सुनील गावस्कर की बराबरी कर लेते।

कोहली टेस्ट में 10 हजार रन पूरे करने से भी केवल 770 रन दूर थे। यह उपलब्धि हासिल करने पर वह गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के बाद ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बन जाते।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 190 रन बना सके थे कोहली

कोहली ने 2025 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत के लिए अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज खेली थी। उन्होंने उस सीरीज के पांच टेस्ट मैचों में 23.75 की औसत से सिर्फ 190 रन बनाए थे।