करनाल में इकलौते बेटे के सीने में चाकू मारकर हत्या:हुक्का पी रहे 4 दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला; परिजन बोले- एनकाउंटर तक नहीं उठाएंगे शव

करनाल के सेक्टर-14 की मेन मार्केट में युवकों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में 19 वर्षीय आर्यन की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त घायल हो गए। आरोप है कि कार सेल-परचेज ऑफिस के ऊपर बने कमरे में हुक्का पी रहे चार दोस्तों पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया गया। आर्यन की छाती और सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए।

पुलिस ने छह नामजद युवकों और 8-10 अन्य के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े हैं और पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, हमलावर आर्यन की छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार करने के साथ उसके सिर पर भी चोटें मारकर फरार हो गए। पुलिस ने छह नामजद युवकों और 8-10 अन्य के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजन आर्यन के हत्यारों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े है। जब तक एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक न पोस्टमॉर्टम होगा और न ही शव को उठाया जाएगा।

एक महीने पहले हुए झगड़े की रंजिश

झगड़ा पुरानी रंजिश के चलते हुआ। करीब एक माह पहले आरोपियों से आर्यन की लड़ाई हुई थी, उसके बाद आर्यन दिल्ली चला गया था, अब दो-तीन दिन पहले ही लाइसेंस बनवाने के लिए करनाल वापस आया था। जिसकी आरोपियों को भनक लग गई। आरोपियों ने ऑफिस में बैठे होने की सूचना पाकर वारदात को अंजाम दिया।

परिवार में दादी, पिता और बड़ी बहन बची

आर्यन अपने पिता के साथ दिल्ली रहता था, परिवार का इकलौता बेटा था, सालभर पहले ही दिल्ली गया था और अपने पिता के साथ गाड़ी चलाता था। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि जब आर्यन 6 माह का था, तक उसकी मां की मौत हो गई थी। जिसके बाद दादी ने उसकी देखरेख कर बड़ा किया। अब परिवार में दादी, पिता और बड़ी बहन बची है।

दोपहर करीब 3 बजे कमरे में पहुंचे हमलावर

करनाल मॉडल टाउन निवासी 19 वर्षीय साहिब ने बताया कि वह 10वीं कक्षा तक पढ़ा है। 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने दोस्तों आर्यन, करण वर्मा और चिराग के साथ सेक्टर-14 की मुख्य मार्केट में कार बिक्री कार्यालय के ऊपर बने कमरे में था। चारों वहां हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान दक्ष जाट, उत्कर्ष जाट, हरदीप, भव्य जाट, काकुन तनेजा, प्रिंस गुज्जर और उनके साथ 8-10 अन्य युवक कमरे में पहुंचे। इस दौरान उनके पास लाठी-डंडे और चाकू थे।

आर्यन की छाती और सिर पर किए चाकू से वार

साहिब ने आरोप लगाया कि कमरे में घुसते ही युवकों ने आर्यन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए। इसके अलावा सिर पर भी जान से मारने की नीयत से कई चोटें मारीं। जब साहिब और उसके अन्य दोस्तों ने आर्यन को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।

साहिब के मुताबिक, इस दौरान उसे और हरीश उर्फ करण को भी चोटें आईं। हमला करने के बाद आरोपी चाकू और डंडे लहराते हुए मौके से भाग गए।

खून से लथपथ आर्यन को अस्पताल लेकर पहुंचे दोस्त

साहिब ने बताया कि हमले के बाद दोस्तों ने घायल आर्यन को कमरे से नीचे उतारा। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था। वहां मौजूद अन्य लोगों की मदद से निजी गाड़ी का इंतजाम किया गया और आर्यन को नागरिक अस्पताल करनाल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद दोस्त उसे इलाज के लिए करनाल के विर्क अस्पताल लेकर गए। यहां से भी डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में भेज दिया।

पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

डॉक्टरों ने आर्यन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। इसके बाद साहिब को फोन पर सूचना मिली कि पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उसके दोस्त आर्यन की मौत हो गई। साहिब ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार आर्यन को तीन चोटे पाई गई, जो किसी धारदार चीज की है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

वारदात के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि सेक्टर-14 की मुख्य मार्केट में कुछ युवकों के साथ मारपीट हुई है। सूचना मिलने पर एसआई सुंदर, एएसआई विनोद और सिपाही ज्वाला सिंह मौके पर पहुंचे और एफएसएल की टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट दर्ज

पुलिस के अनुसार, आर्यन को विर्क अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना मिलने पर एसआई सुंदर अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। लेकिन आर्यन ब्यान देने के लिए फिट नहीं था। इसके बाद पुलिस घायलों की सूचना और मेडिकल रिपोर्ट लेने के लिए सिविल अस्पताल पहुंची, जहां साहिब ने अपना बयान दर्ज कराया। साहिब की मेडिकल रिपोर्ट में एक चोट दर्ज की गई, जो धारदार वस्तु से लगी बताई गई है।

6 नामजद और अन्य युवकों पर हत्या का केस दर्ज

साहिब के बयान और दोनों मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दक्ष जाट, उत्कर्ष जाट, हरदीप, भव्य जाट, काकुन तनेजा, प्रिंस गुज्जर और 8-10 अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। थाना सिविल लाइन करनाल में 12 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया। मामला बीएनएस की धारा 191(3), 190, 115, 118(1), 103(1), 351(3) और 333 के तहत दर्ज हुआ है। मामले की जांच एएसआई विकास को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।