कनाडा के टोरंटो में हैलोवीन की रात राइडशेयर गाड़ी में महिला यात्री के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब मूल के 32 वर्षीय ड्राइवर साहिब बराड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी इससे पहले भी अन्य महिला यात्रियों को निशाना बना चुका हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 9:50 बजे डाउनटाउन टोरंटो में हुई। महिला योंग स्ट्रीट और वेलेस्ली स्ट्रीट ईस्ट के चौराहे के पास राइडशेयर गाड़ी में सवार हुई थी। आरोप है कि सफर के दौरान ड्राइवर ने उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया।
मंजिल पर पहुंचने के बाद जब महिला ने गाड़ी से उतरने की कोशिश की तो आरोपी ने दरवाजे लॉक कर दिए और उसे अंदर ही बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसने दोबारा महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया।
काफी संघर्ष के बाद महिला किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही। उसका पर्स और निजी सामान गाड़ी में छूट गया। आरोप है कि ड्राइवर भी उसके पीछे बाहर आया और सड़क पर उसे पकड़कर फिर से दुर्व्यवहार किया।
यौन उत्पीड़न के दो और जबरन बंधक बनाने का एक मामला दर्ज
शिकायत मिलने के बाद टोरंटो पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी साहिब बराड़ को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न के दो और जबरन बंधक बनाने का एक मामला दर्ज किया गया है। उसे टोरंटो रीजनल बेल सेंटर भेजा गया है।
आरोपी की तस्वीर जारी
पुलिस ने आरोपी की तस्वीर जारी कर आशंका जताई है कि इस मामले में अन्य पीड़ित भी हो सकते हैं। पुलिस ने ऐसी महिलाओं से सामने आने की अपील की है। किसी भी जानकारी के लिए 416-808-2200 पर संपर्क किया जा सकता है। आरोपी पर लगे आरोप अभी अदालत में साबित होने बाकी हैं।