सतना में डेंगू से 30 वर्षीय राजेश कोरी की मौत के बाद उसकी पत्नी प्रियंका कोरी (25) और भाई अजय कोरी (18) की एलाइजा जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रियंका सात महीने की गर्भवती है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की सलाह दी है।
परिवार के 10 सदस्यों के सैंपल लिए थे
राजेश की 1 नवंबर को डेंगू से मौत हुई थी। उसका परिवार पुणे में रहता था। तबीयत बिगड़ने पर वह सतना आया था, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के 10 सदस्यों के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे थे। इनमें प्रियंका और अजय की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती प्रियंका के इलाज में विशेष सतर्कता बरतने और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार कराने की सलाह दी है।
पिछले दो दिनों में 5 नए मरीज मिले
बगहा निवासी राजकुमार कुशवाहा की रिपोर्ट भी डेंगू पॉजिटिव आई है। वह बिरला अस्पताल में भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले दो दिनों में जिले में 5 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें एक ही परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा एक मरीज रामनगर और दूसरा बगहा क्षेत्र का है।
मलेरिया विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने में जिले में डेंगू के 10 मरीज मिले हैं।
निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस जारी किए हैं।
सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने निर्देश दिए हैं कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज की जाए। विभाग ने जानकारी देने में लापरवाही करने वाले संस्थानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।