अमूल ने घी-बटर महंगा किया:1 किलो घी ₹50 बढ़कर ₹680 का हुआ, 100 ग्राम बटर ₹66 का; नकली घी पर कार्रवाई के बाद मांग बढ़ी

अमूल ने घी और बटर ₹3 से ₹50 तक महंगा कर दिया है। 1 किलो घी का कार्टन ₹630 से बढ़कर ₹680 का हो गया है। बटर के 100 ग्राम पैक की कीमत ₹63 से बढ़कर ₹66 हो गई है।

दाम बढ़ने की वजह गुजरात-राजस्थान में नकली घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की बढ़ी मांग है। इससे सितंबर 2025 की GST कटौती का फायदा भी काफी कम हो गया है।

GST घटने के बाद अमूल ने 700 प्रोडक्ट्स सस्ते किए थे

सितंबर 2025 में GST की दर घटने के बाद अमूल ने 700 डेयरी प्रोडक्ट्स के दाम कम किए थे। डेयरी प्रोडक्ट्स पर GST 12% से घटाकर 5% किया गया था।

उस समय 1 लीटर घी के कार्टन की कीमत ₹650 से घटकर ₹610 हो गई थी। 5 लीटर का टिन ₹3,275 से घटकर ₹3,075 हो गया था। बटर के 100 ग्राम पैक की कीमत ₹62 से घटकर ₹58 हो गई थी। 500 ग्राम पैक ₹305 से घटकर ₹285 का हुआ था।

गुजरात में अमूल काउ घी की कमी

दाम बढ़ने के साथ लोगों को अमूल के कुछ डेयरी प्रोडक्ट्स मिलने में भी दिक्कत हो रही है। वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों ने बताया कि घी का स्टॉक कम चल रहा है। गणेश उत्सव के बाद मांग बढ़ने से काउ घी की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

मंगलवार को अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके के एक डी-मार्ट आउटलेट में अमूल घी और बटर का स्टॉक नहीं था। यह दिक्कत सिर्फ गुजरात तक सीमित नहीं है। जुलाई और सितंबर में पुणे और कोलकाता में भी सप्लाई रुकने की शिकायतें सामने आई थीं।

नकली घी पर कार्रवाई के बाद बढ़ी ब्रांडेड घी की मांग

अमूल से जुड़े एक कोऑपरेटिव लीडर ने बताया कि गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई की वजह से ब्रांडेड घी की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है।

पिछले 6 महीनों के दौरान दोनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है। नकली घी पर हुई इस कार्रवाई के बाद लोगों का भरोसा अमूल जैसे ब्रांड्स पर बढ़ा है और उन्होंने ब्रांडेड घी खरीदना शुरू कर दिया है।

उन्होंने यह भी बताया कि सालभर में कुल जितना घी बिकता है, उसका लगभग 45% हिस्सा अकेले त्यौहारों के सीजन में ही इस्तेमाल होता है। यही वजह है कि अचानक मांग बढ़ने से सप्लाई पर और ज्यादा दबाव बन गया है।