ट्रक ने बुजुर्ग महिला को 300 मीटर तक घसीटा, मौत:सोनीपत में अकेली रहती थी; यमुना में स्नान के बाद मंदिर जाते वक्त हादसा

सोनीपत में यमुना पुल पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग महिला ओमपति की मौत हो गई। वह 4 नवंबर को गढ़ गांव के घाट पर यमुना नहर में स्नान करने आई थीं। स्नान के बाद नहर किनारे बने मंदिर में जाने के लिए पुल पार कर रही थीं।

इसी दौरान हरियाणा की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला ट्रक के नीचे आ गई। शिकायत के अनुसार, ट्रक उन्हें करीब 300 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका की बेटी पूजा की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ BNS की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज किया है। शव को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां 5 नवंबर को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

मंदिर जाने के लिए पुल पार कर रही थी

दिल्ली के करावल नगर निवासी पूजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मां ओमपति निवासी ओल्ड DC रोड, वार्ड नंबर 18, भगतपुरा, सोनीपत 4 नवंबर को यमुना नहर में स्नान करने के लिए गढ़ गांव के घाट पर आई थीं।

स्नान के बाद वह नहर किनारे बने मंदिर में जाने के लिए यमुना पुल से गुजर रही थीं। दोपहर करीब 3 बजे हरियाणा की तरफ से ट्रक नंबर HR 38Y-1529 आया। आरोप है कि चालक ट्रक को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था और उसने महिला को सीधी टक्कर मार दी।

मंडली के साथ बस में सवार होकर आई थीं

जानकारी के अनुसार, ओमपति सोनीपत से महिलाओं की मंडली के साथ बस में सवार होकर यमुना नदी में स्नान करने पहुंची थीं। बस से उतरने के बाद सभी महिलाएं आगे बढ़ रही थीं। इस दौरान ओमपति सबसे आगे चल रही थीं। तभी तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

शिकायत के मुताबिक, टक्कर के बाद महिला ट्रक के नीचे आ गई और ट्रक उन्हें करीब 300 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक बेटी की पहले हो चुकी मौत, दूसरी शादीशुदा

जानकारी के मुताबिक, ओमपति की 2 बेटियां थीं। करीब 3 साल पहले एक बेटी की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी पूजा शादीशुदा है। महिला घर में अकेली रहती थीं। उनकी मौत के बाद घर में कोई सदस्य नहीं बचा है।

हादसे की सूचना मिलने पर बेटी पूजा घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस को शिकायत देकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

BNS की धारा 281 और 106 में केस दर्ज

बहालगढ़ थाना पुलिस को यमुना पुल पर सड़क हादसे में महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। इसके बाद ASI जसमेर पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।

शिकायत और घटनास्थल के हालात के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस आसपास के CCTV कैमरे खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।