जयपुर में दीपावली के शुभ अवसर पर इस बार 42 फीट चौड़ा और 36 फीट ऊंचा भव्य राम मंदिर दिखेगा। राम सेतु बनाने की सजीव झांकी भी दिखाई जाएगी।
इस बार जयपुर के बाजार सिर्फ रोशनी नहीं, बल्की अलग-अलग थीम पर सजाए जाएंगे। जयपुर व्यापार महासंघ ने 51 बाजारों में 11 दिन तक सामूहिक सजावट का ऐलान किया है।
वहीं, नगर निगम ने बाजारों में रोशनी, सफाई, सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडलों के साथ बैठक की है। इस बार बाजारों को सजाने के लिए निगम की ओर से 11 दिन की अनुमति दी गई है, जबकि पहले 7 दिन की अनुमति मिलती थी।
छोटी चौपड़ पर 42 फीट का राम मंदिर, राम सेतु निर्माण की झांकी
दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण इस बार छोटी चौपड़ पर भगवान श्रीराम के मंदिर की झांकी होगी। यहां 42 फीट चौड़ा और 36 फीट ऊंचा भव्य राम मंदिर दिखेगा। इसके साथ राम सेतु निर्माण की सजीव झांकी भी दिखाई जाएगी।
झांकी में समुद्र की लहरें, चट्टानें, आकर्षक रोशनी और हिलते हुए किरदारों के जरिए राम सेतु निर्माण का दृश्य दिखेगा। इससे बाजार में आने वाले लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक थीम का अनुभव मिलेगा।
इस बार जयपुर की स्थापना के 300वें साल की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए बाजारों की सजावट में शहर की विरासत को भी प्रमुखता दी जा रही है। छोटी चौपड़ की सजावट इसी थीम का हिस्सा है।
एमआई रोड पर पहली बार 11 दिन तक गुलाबी रोशनी
एमआई रोड पर इस बार गुलाबी रोशनी की थीम रखी गई है। जयपुर व्यापार महासंघ के महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया- बाजार में पहली बार दीपावली के दौरान 11 दिन तक सजावट और रोशनी की जा रही है। एमआई रोड पर गुलाबी रंग की रोशनी के जरिए जयपुर की पहचान को उभारने की तैयारी है। बाजार को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी लाइटें लगाई गई हैं।
इस बार एमआई रोड की सजावट में सबसे खास बात यह है कि बाजार में 1 नवंबर से ही रोशनी शुरू कर दी गई है। इससे दुकानदारों और ग्राहकों को दीपावली से पहले ही उत्सव का माहौल मिलेगा।
गणगौरी बाजार में हवा महल और जंतर-मंतर की झलक
गणगौरी बाजार में इस बार हेरिटेज थीम पर सजावट की गई है। बाजार में हवा महल और जंतर-मंतर की झलक दिखाई जाएगी।
गणगौरी बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित जोशी ने बताया- सजावट के जरिए जयपुर की ऐतिहासिक पहचान को सामने लाने की तैयारी है। इसके साथ स्वच्छ भारत का संदेश भी दिया जाएगा।
इस बाजार की सजावट में जयपुर की विरासत को प्रमुखता दी जाएगी। बाजार में आने वाले लोगों को रोशनी के साथ शहर की ऐतिहासिक पहचान देखने को मिलेगी।
चौड़ा रास्ता में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण की थीम
चौड़ा रास्ता बाजार में इस बार देशभक्ति के रंग दिखाई देंगे। बाजार को देशभक्ति की थीम पर सजाया जा रहा है।
चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय भारद्वाज ने बताया- सजावट में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। बाजार में अधिकतर लाइटें एलईडी लगाने की योजना है।
जौहरी बाजार और त्रिपोलिया बाजार में धार्मिक थीम
जौहरी बाजार और त्रिपोलिया बाजार में इस बार धार्मिक थीम पर सजावट दिखाई देगी। दोनों बाजारों में दीपावली के अवसर पर धार्मिक रंगों और रोशनी के जरिए उत्सव का माहौल बनाया जाएगा। जौहरी बाजार में चौड़ा रास्ता की तरफ से आने वाले लोगों को सजावट का विशेष दृश्य देखने को मिलेगा।
इसके साथ ही जौहरी बाजार में इस बार बाजार की सजावट में दो संदेश प्रमुख रहेंगे, जिनमें पहला देशभक्ति और दूसरा पर्यावरण संरक्षण का होगा।
51 बाजारों में सामूहिक सजावट, 11 दिन तक रोशनी
जयपुर व्यापार महासंघ ने शहर के 51 बाजारों में सामूहिक सजावट की योजना बनाई है। इनमें जौहरी बाजार, एमआई रोड, चौड़ा रास्ता, चांदपोल बाजार, किशनपोल बाजार, त्रिपोलिया बाजार, रामगंज बाजार, चांदी की टकसाल, बापू बाजार, चौड़ा विकास पेठ, हल्दियों का रास्ता, गोपाल जी का रास्ता, खजाने वालों का रास्ता, सांगानेरी गेट, न्यू सांगानेर रोड, अजमेर रोड, वैशाली नगर और गोपालपुरा सहित बाजार शामिल हैं।
महासंघ के अनुसार, बाजारों में 11 दिन तक रोशनी और सजावट का माहौल रहेगा। सभी 51 बाजारों में सजावट की एक जैसी थीम नहीं होगी। परकोटा क्षेत्र के बाजारों में विरासत और धार्मिक थीम पर जोर है, जबकि अन्य बाजारों में अलग-अलग तरह की सजावट की तैयारी है।
बिजली के लिए 60 से ज्यादा अस्थाई कनेक्शन
जयपुर डिस्कॉम के अनुसार, बाजारों में सजावट के लिए 60 से अधिक अस्थाई बिजली कनेक्शन जारी किए जाएंगे। इन कनेक्शनों से 5 दिन में करीब 2 लाख यूनिट बिजली खपत का अनुमान है।
इसके अलावा दुकानों और कॉम्प्लेक्स में स्थायी कनेक्शन से भी बिजली इस्तेमाल होगी। सजावटी रोशनी सहित कुल खपत 3 से 4 लाख यूनिट तक रहने का अनुमान है। इस हिसाब से सजावट की बिजली पर करीब 40 लाख रुपए का खर्च अनुमानित है।
व्यापारियों की मांग पर अस्थाई कनेक्शन के लिए सिंगल टैरिफ लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। औसतन 10 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली का खर्च आने का अनुमान है।
यह राशि बाजारों में सजावट के कुल खर्च से अलग है। बाजारवार लाइटिंग, गेट, झांकी और अन्य सजावटी सामग्री पर व्यापारियों का कितना खर्च होगा, इसकी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।
सफाई, सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था
दीपावली के दौरान बाजारों में सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने 30 से अधिक व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। नगर निगम ने बाजारों में सजावट के लिए पंजीकृत व्यापार मंडलों को 11 दिन तक स्वागत द्वार लगाने की अनुमति देने की जानकारी दी है।
इसके साथ चारदीवारी क्षेत्र में अतिरिक्त सफाई संसाधन लगाने और अग्निशमन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने बाजारों में सजावट के दौरान बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से कवर करने के निर्देश दिए हैं, ताकि खुले तारों से दुर्घटना का खतरा न रहे।
पटाखों की दुकानों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और सुरक्षा नियमों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया है।
न्यू सांगानेर रोड पर इस बार फीकी रहेगी दिवाली
न्यू सांगानेर रोड पर इस बार अजमेर रोड से गुर्जर की थड़ी तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में व्यापारियों ने जयपुर विकास प्राधिकरण की संभावित कार्रवाई के डर से सजावट नहीं करने का फैसला किया है।
इस वजह से बाजार में इस बार सामान्य दिनों की तुलना में रोशनी कम दिखाई दे रही है। यहां व्यापारियों की प्रमुख चिंता संभावित तोड़फोड़ और बाजार की दुकानों पर कार्रवाई को लेकर है। ऐसे में दीपावली के दौरान बाजार की सजावट प्रभावित हुई है।
निजी बसें शहर के बाहर, सिंधी कैंप रहेगा चालू
दीपावली के दौरान जयपुर में यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। 3 से 9 नवंबर तक स्लीपर और अन्य निजी बसों के संचालन को शहर के बाहरी निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। इससे शहर के अंदर यातायात दबाव कम करने की कोशिश की जाएगी।
सिंधी कैंप बस स्टैंड को बंद करने का फैसला प्रशासन ने वापस ले लिया है। अब इस अवधि में रोडवेज की बसें पहले की तरह सिंधी कैंप से ही संचालित होंगी।
परकोटा क्षेत्र में कई रास्तों पर 6 से 9 नवंबर तक शाम 6 बजे से ट्रैफिक बंद रहेगा। वहीं, 8 जगह नो-व्हीकल जोन बनाए गए हैं। वहीं शहर के प्रमुख बाजारों की सड़कों पर पार्किंग नहीं होगी।