खगड़िया के पूर्व पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोप है कि पूजा सिंह ने एसपी के सरकारी आवास के मुख्य गेट पर दो दिन धरना देकर लोगों और अधिकारियों का रास्ता रोका। उन पर ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश का भी आरोप है।
मामले में पूजा सिंह की मां, भाई, बहन, बहनोई, मौसा और एक अन्य परिचित को भी नामजद किया गया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के आवेदन पर 4 नवंबर 2026 को मुफस्सिल थाना कांड संख्या 151/26 दर्ज हुआ।
प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 132, 352, 61(2)(a) और 3(5) लगाई गई हैं।
12 घंटे से ज्यादा धरने पर बैठी
थानाध्यक्ष के आवेदन के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:15 से 9:15 बजे तक पूजा सिंह एसपी के सरकारी आवास के मुख्य गेट पर धरने पर बैठी रहीं। उसी दिन शाम 5 बजे से 4 नवंबर की सुबह 6:30 बजे तक भी धरना जारी रहा।
आवेदन में कहा गया है कि आवास परिसर में गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई समेत कई कार्यालय चलते हैं। वहां अधिकारियों, कर्मचारियों और वाहनों का लगातार आना-जाना रहता है।
मुख्य गेट से आने-जाने का रास्ता किया बंद
आरोप है कि धरने के दौरान आम राहगीरों को रोका गया और मुख्य गेट से आने-जाने का रास्ता बंद किया गया। इससे सरकारी काम में रुकावट आई।
प्राथमिकी के अनुसार, थानाध्यक्ष ने पूजा सिंह से गेट से हटने को कहा तो वह कई बार उग्र हुईं। इसी दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की।
आवेदन में पूजा सिंह के हवाले से लिखा गया है, “मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो। जब तक मुझे आवास के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा, मैं किसी को आने-जाने नहीं दूंगी।”
थानाध्यक्ष ने आवेदन में इस घटनाक्रम को लोक शांति भंग करने के लिए उकसाने वाला कृत्य बताया है।
परिजनों और परिचितों के कहने पर धरने पर बैठी
थानाध्यक्ष के आवेदन के अनुसार, पूजा सिंह से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि धनवंत सिंह राठौर और अन्य लोग उन्हें वहां लेकर आए थे।
साथ ही, उनकी मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर समेत अन्य करीबी लोगों ने उन्हें निर्देश दिया था कि जब तक उनकी बात नहीं मानी जाती, तब तक एसपी आवास के सामने से नहीं हटना है।
इन सात लोगों को किया गया नामजद
प्राथमिकी में पूजा सिंह के अलावा उनकी मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर को नामजद किया गया है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के आवेदन के आधार पर दर्ज इस मामले में पुलिस ने जांच की प्रक्रिया शुरू की है। प्राथमिकी दर्ज होने के समय भानु प्रताप सिंह खगड़िया के एसपी के पद पर तैनात थे।