मकान ढहा, 8 लोग दबे…पिता-दादी और बेटी की मौत:सिंगरौली में 50 साल पुराना पुश्तैनी मकान गिरा, 5 लोग घायल; 1-1 लाख मुआवजा देगी सरकार

सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार (9 नवंबर) रात भोजन के बाद सो रहे परिवार पर कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबने से अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और 2 साल की बेटी की मौत हो गई। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम ने जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रात करीब एक बजे तक शवों और घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। एसडीएम और पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया।

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 1-1 लाख और घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

दीवार की दरार से आ रही थी आवाज

हादसे में घायल महिला बेलामती ने बताया कि परिवार रात में घर के अंदर सो रहा था। मकान की एक दीवार पहले से फटी थी और उसमें से आवाज आ रही थी। उन्हें घर गिरने की आशंका हुई, लेकिन परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही पूरा मकान ढह गया।

बेलामती के मुताबिक, वह चार बच्चों के साथ मिट्टी और मलबे में दब गई थीं। गांव के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उनके पति घर में दबे अन्य लोगों को देखने गए थे, लेकिन बाहर नहीं निकल पाए।

घायलों का बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

मौके पर पहुंचे एसडीएम सुरेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। मलबे से बच्चों, महिला और बुजुर्ग समेत कई लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों का बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।

परिवार के पास करीब 4 एकड़ कृषि भूमि

बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि परिवार के पास करीब 4 एकड़ कृषि भूमि है। अरुण और उनके पिता खेती-किसानी करते थे। इसके अलावा अरुण और उनका छोटा भाई सुभाष मकान निर्माण का मिस्त्री काम भी करते थे।

हादसे के समय अरुण का छोटा भाई सुभाष बैढ़न में एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गया था। देर से घर लौटने के कारण वह हादसे में बाल-बाल बच गया।

50 साल पुराना पुश्तैनी मकान था

हादसे का शिकार हुआ कच्चा खपरैल मकान करीब 50 साल पुराना पुश्तैनी मकान था। इसमें समय-समय पर अतिरिक्त कच्चा निर्माण किया गया था। मकान में दोहरी छत (डबल रूफ) थी। पहले मिट्टी की छत बनाई गई थी, जिसके ऊपर दोबारा कच्चा निर्माण किया गया था।

अरुण के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना का मकान भी स्वीकृत था। इसका निर्माण चल रहा है।